गाडरवारा में भव्य शिक्षक सम्मान समारोह: 3 हजार शिक्षकों को तिलक, माला और स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया सम्मानित
- bySatendra Mishra
- 07 Sep 2026, 08:38 PM
- 5 Mins
गाडरवारा में भव्य शिक्षक सम्मान समारोह: 3 हजार शिक्षकों को तिलक, माला और स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया सम्मानित
गाडरवारा। जवाहर कृषि उपज मंडी प्रांगण में भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी की जयंती (शिक्षक दिवस) के अवसर पर विशाल 'शिक्षक सम्मान समारोह-2026' का आयोजन किया गया। प्रसिद्ध समाजसेवी जिनेश जैन द्वारा आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम में शासकीय एवं निजी क्षेत्र के लगभग 3,000 शिक्षक-शिक्षिकाओं को तिलक लगाकर, माला पहनाकर तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती एवं डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुई। समारोह के दौरान छात्राओं द्वारा प्रस्तुत आदिवासी नृत्य एवं गुरु वंदना की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
"शिक्षक केवल शिक्षा ही नहीं देता, चरित्र निर्माण भी करता है" - विवेक तंखा
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राज्यसभा सांसद विवेक कृष्ण तंखा ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक समाज का मुख्य स्तंभ होता है। वह सिर्फ किताबी ज्ञान नहीं देता, बल्कि विद्यार्थियों के उत्तम चरित्र का निर्माण करता है। उन्होंने समाजसेवी जिनेश जैन की इस निरंतर एवं अनुकरणीय पहल की सराहना की।
संस्कार और अनुशासन शिक्षक ही सिखा सकता है - डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह
विशिष्ट अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि तकनीक भले ही हमें जानकारी दे सकती है, लेकिन जीवन जीने की कला, अनुशासन और संस्कार केवल एक शिक्षक ही सिखा सकता है।
कार्यक्रम में ब्रह्मचारी अचलानंद जी महाराज ने अपने आशीर्वचन में गुरु-शिष्य परंपरा और गुरु के अतुलनीय महत्व पर प्रकाश डाला। इसके अलावा पूर्व विधायक सुनीता पटेल, संजय शर्मा, दीनदयाल ढिमोले, शैलेंद्र दीवान एवं सत्येंद्र फौजदार ने भी आयोजन की जमकर प्रशंसा की।
शिक्षकों का सम्मान, पूरी पीढ़ी का सम्मान: जिनेश जैन
आयोजक जिनेश जैन ने सभी अतिथियों एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षक ही राष्ट्र और समाज के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखते हैं। एक शिक्षक का सम्मान करना वास्तव में पूरी आने वाली पीढ़ी का सम्मान करने जैसा है।
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन नवनीत काबरा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन सजल जैन एवं प्रांजल जैन (हीरा ज्वेलर्स) द्वारा व्यक्त किया गया। इस भव्य समारोह में शहर के गणमान्य नागरिक, विद्यालय प्राचार्य, भारी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
Satendra Mishra
संवाददाता एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, प्रशासन और सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है। वे जमीनी स्तर की खबरों को निष्पक्ष और तथ्यात्मक रूप में पाठकों तक पहुँचाने पर विश्वास रखते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य विश्वसनीय जानकारी के साथ जनहित से जुड़े विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।
Latest News
ब्रेकिंग न्यूज़ | गाडरवारा जवाहर कृषि उपज मंडी में निजी व्यापारियों का प्लेटफार्म नंबर-1 पर कब्जा!
- 19 September, 2026
- 4 Mins
