दीपावली से पहले सीआईएसएफ ने चलाया अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान महाराणा प्रताप शासकीय महाविद्यालय में 432 विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्टाफ ने लिया प्रशिक्षण गाडरवारा।
- bySatendra Mishra
- 20 Sep 2026, 08:40 PM
- 7 Mins
दीपावली से पहले सीआईएसएफ ने चलाया अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान
महाराणा प्रताप शासकीय महाविद्यालय में 432 विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्टाफ ने लिया प्रशिक्षण
गाडरवारा। आगामी दीपावली पर्व के दौरान आगजनी की घटनाओं की रोकथाम एवं विद्यार्थियों तथा आमजन को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सीआईएसएफ यूनिट जीएसटीपीपी गाडरवारा के अग्निशमन दल द्वारा 18 सितंबर 2026 को महाराणा प्रताप शासकीय महाविद्यालय, गाडरवारा में अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के अंतर्गत प्राथमिक अग्निशमन संबंधी जागरूकता कक्षा के साथ-साथ आग बुझाने की प्रत्यक्ष प्रक्रिया का प्रदर्शन भी किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के 369 विद्यार्थियों तथा 63 शिक्षकों एवं स्टाफ सहित कुल 432 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सीआईएसएफ के अग्निशमन दल द्वारा प्रतिभागियों को आग लगने की स्थिति में तत्काल अपनाए जाने वाले प्राथमिक सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही आग पर काबू पाने के लिए उपयोग किए जाने वाले विभिन्न प्रकार के अग्निशामक यंत्रों की पहचान, उनके उपयोग एवं संचालन की व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई।
अभियान के दौरान अग्निशमन विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न प्रकार के अग्निशामक यंत्रों का प्रत्यक्ष प्रदर्शन किया गया। प्रतिभागियों को बताया गया कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय परिस्थितियों का आकलन करते हुए किस प्रकार सुरक्षित तरीके से अग्निशामक यंत्र का उपयोग किया जा सकता है। इसके साथ ही आग के प्रकार के अनुसार उचित अग्निशामक यंत्र के चयन तथा उसके संचालन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी भी दी गई। प्रत्यक्ष अग्निशमन प्रदर्शन के माध्यम से विद्यार्थियों एवं स्टाफ को आग पर काबू पाने की वास्तविक प्रक्रिया समझाई गई। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने भी उत्साह के साथ सहभागिता करते हुए अग्नि सुरक्षा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी प्रतिक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त की।
आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए सीआईएसएफ अग्निशमन दल द्वारा पटाखों के सुरक्षित उपयोग को लेकर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। पटाखे जलाते समय सुरक्षित दूरी बनाए रखने, ज्वलनशील पदार्थों के आसपास पटाखे नहीं चलाने, बच्चों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने तथा आग लगने की स्थिति में तत्काल उचित कदम उठाने के संबंध में सावधानियां बताई गईं।
कार्यक्रम में अग्नि सुरक्षा के क्या करें और क्या न करें, आपातकालीन स्थिति में प्राथमिक स्तर पर आग बुझाने की प्रक्रिया तथा आग फैलने से रोकने के उपायों की जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को बताया गया कि समय पर सही कदम उठाने और उपलब्ध अग्निशमन साधनों का उचित उपयोग करने से छोटी आग को बड़े हादसे में बदलने से रोका जा सकता है।
सीआईएसएफ की फायर विंग द्वारा आयोजित इस जागरूकता अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय स्टाफ में अग्नि सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता विकसित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अग्निशमन उपकरणों के उपयोग को लेकर विशेष रुचि दिखाई तथा प्रत्यक्ष प्रदर्शन के माध्यम से प्राप्त जानकारी को उपयोगी बताया।
अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों एवं स्टाफ को संदेश दिया गया कि सावधानी, जागरूकता और समय पर की गई उचित कार्रवाई आगजनी से होने वाले नुकसान को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। दीपावली के अवसर पर सुरक्षित तरीके से पर्व मनाने तथा स्वयं के साथ-साथ आसपास के लोगों की सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील भी की गई।
Satendra Mishra
संवाददाता एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, प्रशासन और सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है। वे जमीनी स्तर की खबरों को निष्पक्ष और तथ्यात्मक रूप में पाठकों तक पहुँचाने पर विश्वास रखते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य विश्वसनीय जानकारी के साथ जनहित से जुड़े विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।
Latest News
ब्रेकिंग न्यूज़ | गाडरवारा जवाहर कृषि उपज मंडी में निजी व्यापारियों का प्लेटफार्म नंबर-1 पर कब्जा!
- 19 September, 2026
- 4 Mins
