Follow Us:

बाबा श्याम के जयकारों से गूंजा गाडरवारा, भव्य निशान यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब

1000133853

बाबा श्याम के जयकारों से गूंजा गाडरवारा, भव्य निशान यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब

डमरू घाटी से पूजन-अर्चना के बाद निकली पैदल यात्रा, नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए झांझनखेड़ा पहुंची; जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत

गाडरवारा। डोल ग्यारस के पावन अवसर पर मंगलवार, 22 सितंबर को गाडरवारा नगर बाबा खाटू श्याम की भक्ति में सराबोर नजर आया। धार्मिक आस्था और बाबा श्याम के प्रति श्रद्धा से ओतप्रोत भव्य पैदल निशान यात्रा का आयोजन बड़े उत्साह एवं भक्तिमय वातावरण के बीच किया गया। यात्रा का शुभारंभ दोपहर करीब 2 बजे नगर के शिवधाम डमरू घाटी से विधि-विधानपूर्वक भगवान खाटू श्याम एवं निशानों की पूजन-अर्चना के बाद हुआ। यात्रा में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं के साथ युवा, मातृशक्ति एवं छोटे-छोटे बच्चे भी उत्साहपूर्वक शामिल हुए।

बाबा श्याम के चित्र एवं निशान हाथों में लेकर श्रद्धालु भक्ति भाव से पैदल यात्रा में शामिल हुए और पूरे मार्ग में ‘हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा’ सहित बाबा श्याम के जयकारों से वातावरण गुंजायमान होता रहा। अनेक श्रद्धालु भक्ति गीतों पर नृत्य करते हुए आगे बढ़ते नजर आए। यात्रा के दौरान नगर का माहौल पूरी तरह धर्ममय दिखाई दिया।

डमरू घाटी से प्रारंभ हुई निशान यात्रा बस स्टैंड, गंज, सराफा बाजार, चुंगी नाका, पानी टंकी, पलोटनगंज, छीपा तिराहा, बीकानेर तिराहा एवं आमगांव तिराहा सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कामती एवं आमगांव की ओर आगे बढ़ी और निर्धारित मार्ग से ग्राम झांझनखेड़ा पहुंची। यात्रा के मार्ग में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया तथा बाबा श्याम के निशान का पूजन-अर्चन कर श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया गया।

वहीं इन दिनों गणेश उत्सव के चलते नगर में पहले से ही धार्मिक वातावरण बना हुआ है। विभिन्न मंदिरों एवं घरों से भजन-कीर्तन की स्वर लहरियां वातावरण को भक्तिमय बना रही हैं। ऐसे में डोल ग्यारस के अवसर पर निकली बाबा खाटू श्याम की भव्य निशान यात्रा ने नगर की धार्मिक छटा को और अधिक जीवंत कर दिया। डमरू घाटी से जैसे ही सैकड़ों श्रद्धालुओं की यह यात्रा नगर के मध्य पहुंची, चारों ओर बाबा श्याम के जयकारे और भक्ति संगीत सुनाई देने लगे।

पूरी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। हाथों में निशान, मुख पर बाबा श्याम के जयकारे और भक्ति में झूमते श्रद्धालुओं के कारण नगर की सड़कों पर अद्भुत धार्मिक दृश्य दिखाई दिया। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम से सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की। देर तक चले इस धार्मिक आयोजन ने गाडरवारा को पूरी तरह श्याममय कर दिया।

img
Author

Satendra Mishra

संवाददाता एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, प्रशासन और सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है। वे जमीनी स्तर की खबरों को निष्पक्ष और तथ्यात्मक रूप में पाठकों तक पहुँचाने पर विश्वास रखते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य विश्वसनीय जानकारी के साथ जनहित से जुड़े विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।