Follow Us:

नरसिगपुर शहीद आशीष शर्मा की स्मृति में बोहानी में बनेगा भव्य पार्क एवं स्टेडियम, मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने किया भूमिपूजन

1000251968

शहीद आशीष शर्मा की स्मृति में बोहानी में बनेगा भव्य पार्क एवं स्टेडियम, मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने किया भूमिपूजन
मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल बोले – शहीदों का बलिदान कभी व्यर्थ नहीं जाता, उनकी शौर्यगाथा आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देती रहेगी।
नरसिंहपुर। जिले के ग्राम बोहानी में वीर शहीद आशीष शर्मा की स्मृति को चिरस्थायी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। गुरुवार को प्रदेश शासन के मंत्री  प्रहलाद सिंह पटेल ने शहीद आशीष शर्मा की स्मृति में निर्मित होने वाले पार्क एवं स्टेडियम के निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों ने वीर शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि बलिदान कभी व्यर्थ नहीं जाता। देश की स्वतंत्रता, एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूतों की स्मृतियां हमेशा राष्ट्र की चेतना में जीवित रहती हैं। शहीद आशीष शर्मा का राष्ट्र के प्रति समर्पण और अदम्य साहस सदैव देशभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा।
उन्होंने कहा कि शहीदों की स्मृतियों को संजोकर रखना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। आने वाली पीढ़ी को उनके त्याग, साहस और देशप्रेम से परिचित कराना जरूरी है, ताकि युवाओं में राष्ट्रसेवा और देश की रक्षा के प्रति समर्पण का भाव मजबूत हो।
मंत्री श्री पटेल ने कहा कि शहीद आशीष शर्मा की स्मृति में बनने वाला पार्क एवं स्टेडियम केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि उनके बलिदान, गौरव और राष्ट्रभक्ति की अमिट पहचान बनेगा। उन्होंने इसके निर्माण के साथ-साथ भविष्य में उचित रखरखाव की जिम्मेदारी भी समाज के सभी लोगों से मिलकर निभाने का आह्वान किया।
इस दौरान उन्होंने सुझाव दिया कि 19 नवंबर को बोहानी ग्राम पंचायत का गौरव दिवस शहीद आशीष शर्मा के नाम पर मनाया जाए। साथ ही बताया कि मणिनागेन्द्र सिंह फाउंडेशन की ओर से शहीद आशीष शर्मा की प्रतिमा का निर्माण कराया जाएगा, जिसका अनावरण आगामी 19 नवंबर 2027 को कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
मंत्री श्री पटेल ने युवाओं से शहीद आशीष शर्मा के जन्मदिवस को प्रेरणादायी आयोजन के रूप में मनाने तथा उनकी स्मृति में खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से शहीदों के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा सकता है।
कार्यक्रम में विधायक  विश्वनाथ सिंह पटेल ने कहा कि शहीद आशीष शर्मा ने देश की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देकर ग्राम बोहानी और पूरे नरसिंहपुर जिले का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि पूर्व में की गई घोषणा के अनुरूप पार्क एवं स्टेडियम निर्माण का भूमिपूजन किया गया है तथा आगामी वर्ष में इन विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व राज्यमंत्री  जालम सिंह पटेल, पूर्व विधायक  भैयाराम पटेल,  रामसनेही पाठक, महंत  प्रीतमपुरी गोस्वामी,  देवेन्द्र शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा, जिला पंचायत सीईओ  गजेन्द्र सिंह नागेश, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
शहीद आशीष शर्मा का बलिदान केवल बोहानी या नरसिंहपुर जिले की धरोहर नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव और प्रेरणा का प्रतीक है। उनकी स्मृति में बनने वाला पार्क एवं स्टेडियम आने वाली पीढ़ियों को उनके अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति की याद दिलाता रहेगा।
 

img
Author

Satendra Mishra

संवाददाता एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, प्रशासन और सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है। वे जमीनी स्तर की खबरों को निष्पक्ष और तथ्यात्मक रूप में पाठकों तक पहुँचाने पर विश्वास रखते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य विश्वसनीय जानकारी के साथ जनहित से जुड़े विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।