Follow Us:

गाडरवारा राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट का महासंग्राम: खिताबी भिड़ंत के लिए केरल और तमिलनाडु तैयार, कैबिनेट मंत्री राव उदय प्रताप सिंह एवं भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर के आतिथ्य में होगा भव्य समापन

1000243700

राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट का महासंग्राम: खिताबी भिड़ंत के लिए केरल और तमिलनाडु तैयार, कैबिनेट मंत्री राव उदय प्रताप सिंह एवं भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर के आतिथ्य में में होगा भव्य समापन

​गाडरवारा (नरसिंहपुर)।

प्रदेश के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह के विशेष प्रयासों से क्षेत्र में आयोजित 70वीं राष्ट्रीय शालेय अंडर-19 बालक वर्ग क्रिकेट प्रतियोगिता अपने रोमांचक और निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। सोमवार को हुए दो कड़े सेमीफाइनल मुकाबलों में शानदार जीत दर्ज करते हुए केरल और तमिलनाडु की टीमों ने फाइनल का टिकट कटा लिया है। अब मंगलवार, 17 नवंबर को सुबह 9 बजे चीचली के खेल मैदान पर दोनों दक्षिण भारतीय राज्यों के बीच खिताबी महामुकाबला खेला जाएगा। इसी समय एनटीपीसी खेल मैदान पर सेमीफाइनल की उपविजेता रहीं उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर की टीमें तीसरे स्थान के लिए अपनी दावेदारी पेश करेंगी।

​पहला सेमीफाइनल: मोहम्मद रजान की आतिशी पारी से फाइनल में पहुंचा तमिलनाडु

नगर के रुद्र मैदान पर खेले गए पहले सेमीफाइनल में तमिलनाडु ने उत्तर प्रदेश को 6 विकेट से करारी शिकस्त दी। सुबह रोटरी क्लब ऑफ राना, समाजसेवी मुकेश बसेडिया और महिला मोर्चा सदस्यों की उपस्थिति में टॉस जीतकर उत्तर प्रदेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट पर 112 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी तमिलनाडु की टीम ने आक्रामक खेल दिखाते हुए महज 14.3 ओवरों में 4 विकेट खोकर 113 रन बना लिए और फाइनल में जगह पक्की की। तमिलनाडु की जीत के नायक मोहम्मद रजान रहे, जिन्होंने मात्र 38 गेंदों में 65 रनों की विस्फोटक पारी खेली और 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुने गए। इस दौरान कैबिनेट मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने मैदान पर पहुंचकर खिलाड़ियों का खेल देखा और उनका उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना व अनुशासन के लिए शुभकामनाएं दीं।

​दूसरा सेमीफाइनल: केरल का हरफनमौला प्रदर्शन, जम्मू-कश्मीर 6 विकेट से पराजित

बोहानी स्थित राघव कृषि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के मैदान पर खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में केरल ने जम्मू-कश्मीर को 6 विकेट से मात दी। मैच से पूर्व मैदान की परंपरा अनुसार प्रभारी अजय शर्मा, संजीव पालीवाल व स्टाफ ने बैंड दल के साथ अतिथियों व खिलाड़ियों का तिलक लगाकर स्वागत किया। दानवीर श्री राघव जी एवं शहीद स्व. आशीष शर्मा के चित्र पर माल्यार्पण और राष्ट्रगान के बाद टॉस हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए जम्मू-कश्मीर की टीम 19.2 ओवरों में 135 रनों पर सिमट गई, जिसमें करनवीर शर्मा ने 30 गेंदों में 53 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि अथीर रफीक (16) और काशिफ (13) ने उपयोगी योगदान दिया। केरल की ओर से वैभव ने 3 तथा अनाह और धनुष ने 2-2 विकेट चटकाए। जवाब में केरल ने आश्मित (22 गेंद, 37 रन), क्रिस (16 गेंद, 24 रन) और श्रवण (13 गेंद, 22 रन) की तेजतर्रार पारियों की बदौलत 4 विकेट खोकर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया।

​जनप्रतिनिधियों और खेलप्रेमियों की रही गरिमामयी उपस्थिति

रुद्र मैदान पर नगरपालिका अध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा, नवीन अग्रवाल, कुंवर विक्रांत सिंह, डॉ. योगेश कौरव, राव संदीप सिंह, चंद्रकांत शर्मा, प्रियांक जैन, सुरेंद्र गुर्जर, बसंती पालीवाल, सुषमा साहू, स्मृति जैन, पूजा तिवारी, सतीश कौरव, अशोक भार्गव और रीना चौधरी मौजूद रहे। वहीं बोहानी में पूर्व विधायक भैयाराम पटेल, अनुज प्रताप सिंह, रमाकांत शर्मा, मनोज शर्मा, प्रदीप शर्मा, जितेंद्र शर्मा, योगेश मदारिया, आलोक शर्मा, प्रकाश शर्मा, अशोक भार्गव, नीरज शर्मा, नीलेंद्र शर्मा, नीरज कांकर, रुचि राकेशिया, सुमित अग्रवाल और जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अनिल कुशवाहा ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। दोनों मुकाबलों में अंपायर सूरज ग्वाला, विराट सिंह, पवन कौल, शेखर पाठक, स्कोरर आदित्य तिवारी, मयंक श्रीवास, शुभम कटारे, विपुल शर्मा और कमेंटेटर राजेश त्रिपाठी, राजेश गुप्ता, स्वतंत्र शर्मा व मनोज शुक्ला ने अहम भूमिका निभाई।

कल​ चीचली में होगा भव्य समापन

फाइनल मुकाबले को लेकर पूरे क्षेत्र में जबरदस्त उत्साह है। जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अनिल कुशवाहा ने सोमवार को चीचली पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। फाइनल मैच के उपरांत चीचली में स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह एवं भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में प्रतियोगिता का भव्य समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित होगा।

 

​

 

​

img
Author

Satendra Mishra

संवाददाता एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, प्रशासन और सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है। वे जमीनी स्तर की खबरों को निष्पक्ष और तथ्यात्मक रूप में पाठकों तक पहुँचाने पर विश्वास रखते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य विश्वसनीय जानकारी के साथ जनहित से जुड़े विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।