Follow Us:

नरसिंगपुर कार्तिक पूर्णिमा को लेकर नरसिंहपुर पुलिस अलर्ट: एसपी डॉ. ऋषिकेश मीना ने किया बरमान के नर्मदा घाटों का निरीक्षण, सुरक्षा व यातायात व्यवस्था के दिए सख्त निर्देश

1000261653

कार्तिक पूर्णिमा को लेकर नरसिंहपुर पुलिस अलर्ट: एसपी डॉ. ऋषिकेश मीना ने किया बरमान के नर्मदा घाटों का निरीक्षण, सुरक्षा व यातायात व्यवस्था के दिए सख्त निर्देश

​नरसिंहपुर। कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व पर मां नर्मदा के तट पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना ने प्रसिद्ध तीर्थ क्षेत्र बरमान पहुंचकर विभिन्न नर्मदा घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

​घाटों पर सुरक्षा और सतत निगरानी के निर्देश

निरीक्षण के दौरान एसपी डॉ. ऋषिकेश मीना ने घाटों की भौगोलिक स्थिति और सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्नान पर्व के दौरान घाटों और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। साथ ही, संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर वहां विशेष सतर्कता बरतने और पूरे मेला क्षेत्र व घाटों पर सतत निगरानी बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए।

​प्रभावी यातायात प्रबंधन पर जोर

पर्व के दौरान दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पुलिस अधीक्षक ने यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं के सुरक्षित और व्यवस्थित आवागमन के लिए प्रभावी यातायात प्रबंधन (ट्रैफिक प्लान) लागू किया जाए, ताकि मुख्य मार्गों और पार्किंग स्थलों पर जाम की स्थिति निर्मित न हो।

​पुलिस प्रशासन की श्रद्धालुओं से अपील

निरीक्षण के उपरांत नरसिंहपुर पुलिस ने पर्व पर स्नान करने आने वाले सभी श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील की है। पुलिस प्रशासन ने आग्रह किया है कि श्रद्धालु केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करें, गहरे पानी में न जाएं तथा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें।

img
Author

Satendra Mishra

संवाददाता एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, प्रशासन और सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है। वे जमीनी स्तर की खबरों को निष्पक्ष और तथ्यात्मक रूप में पाठकों तक पहुँचाने पर विश्वास रखते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य विश्वसनीय जानकारी के साथ जनहित से जुड़े विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।