प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा देना होगा. इसके साथ ही उन्होंने पेट्रोल और डीजल का संयम से इस्तेमाल करने पर जोर दिया...
- bySatendra Mishra
- 10 May 2026, 08:33 PM
- 3 Mins
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 मई यानी रविवार को हैदराबाद इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (HICC) में तेलंगाना के लगभग 9,400 करोड़ रुपये के विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया. अपने संबोधन के दौरान उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पेट्रोल, डीजल और गैस का उपयोग संयम से किया जाना चाहिए. ये बयान ऐसे समय में आया है जब पश्चिम एशिया में संकट चल रहा है और वैश्विक स्तर पर तेल आपूर्ति में बाधाएं देखने को मिल रही हैं.
PM मोदी ने कहा कि हमारे पड़ोस में इतना बड़ा युद्ध चल रहा है. भारत के पास पेट्रोल के बड़े-बड़े कुएं नहीं हैं. हमें पेट्रोल, डीजल बाहर से मंगाने पड़ते हैं. इनके दाम बहुत बढ़ गए हैं. इस देश का क्या हाल है? वो लोग देख पा रहे हैं. लेकिन हमारे नागरिक को बोझ न पड़े, इसलिए हमने सारा बोझ खुद पे ले लिया है. अब हमें एकजुट होकर लड़ना पड़ेगा.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करते हुए कहा कि मलकापुर में नए इंडियन ऑयल टर्मिनल का उद्घाटन भारत की ऊर्जा सुरक्षा की दिशा में एक बड़ा कदम है. ये टर्मिनल सप्लाई चेन को मजबूत करेगा और तेलंगाना की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में मदद करेगा. उन्होंने आगे कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारत सौर ऊर्जा के क्षेत्र में शीर्ष देशों में शामिल हो गया है. पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण में अभूतपूर्व प्रगति हुई है. हमने वैश्विक ऊर्जा संकट से निपटने के लिए एलपीजी कवरेज और सीएनजी पर भी व्यापक ध्यान दिया है. लेकिन आज के समय की जरूरत है कि पेट्रोल, डीजल और गैस का उपयोग अत्यंत संयम के साथ किया जाए.
Satendra Mishra
संवाददाता एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, प्रशासन और सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है। वे जमीनी स्तर की खबरों को निष्पक्ष और तथ्यात्मक रूप में पाठकों तक पहुँचाने पर विश्वास रखते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य विश्वसनीय जानकारी के साथ जनहित से जुड़े विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।
