Follow Us:

नरसिंहपुर: एमएलबी कन्या विद्यालय में विधिक जागरूकता शिविर, छात्राओं को महिला उत्पीड़न और साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी

1000167987


नरसिंहपुर: एमएलबी कन्या विद्यालय में विधिक जागरूकता शिविर, छात्राओं को महिला उत्पीड़न और साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी
नरसिंहपुर। पीएम श्री शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (एमएलबी), नरसिंहपुर में छात्राओं के लिए विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में महिला उत्पीड़न, दहेज प्रथा, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, अनुचित स्पर्श, बाल विवाह, बाल मजदूरी और साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री अखिलेश शुक्ला के निर्देशन तथा सचिव श्री दिनेश मीणा एवं विधिक सहायता अधिकारी श्री राजेश कुमार सक्सेना के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। पैरा लीगल वॉलंटियर आशुतोष स्वामी ने छात्राओं को निःशुल्क विधिक सहायता, मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों और न्यायालय की कार्यप्रणाली की जानकारी दी। साथ ही बच्चों के संरक्षण से संबंधित योजनाओं तथा नालसा की एसिड अटैक पीड़ितों के लिए विधिक सेवा योजना और पॉक्सो अधिनियम के बारे में भी बताया गया।
साइबर अपराधों से सतर्क रहने की अपील
शिविर में मोबाइल और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग पर जोर दिया गया। छात्राओं को ऑनलाइन गेमिंग, फर्जी वेबसाइट, साइबर ठगी, संदिग्ध लिंक और ऑनलाइन खरीदारी में होने वाली धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए गए। ऑनलाइन खरीदारी के दौरान बिल लेना और किसी भी वेबसाइट पर व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी साझा करने से पहले उसकी सत्यता जांचना आवश्यक बताया गया।
हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
छात्राओं को निःशुल्क विधिक सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 15100 तथा साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत के लिए 1930 की जानकारी दी गई। साथ ही महिला उत्पीड़न या यौन अपराध की स्थिति में पुलिस से तत्काल सहायता लेने और शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में छात्राओं को दहेज प्रथा के विरुद्ध जागरूक करते हुए शपथ दिलाई गई कि वे न दहेज लेंगी और न ही दहेज देंगी। उन्हें शिक्षा, खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों पर ध्यान देने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश भी दिया गया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती गायत्री सोनी एवं पैरा लीगल वॉलंटियर आशुतोष स्वामी उपस्थित रहे।
 

img
Author

Satendra Mishra

संवाददाता एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, प्रशासन और सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है। वे जमीनी स्तर की खबरों को निष्पक्ष और तथ्यात्मक रूप में पाठकों तक पहुँचाने पर विश्वास रखते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य विश्वसनीय जानकारी के साथ जनहित से जुड़े विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।