मुरैना से उज्जैन जा रही एक खुशियों भरी बारात गुरुवार सुबह राजगढ़ जिले के ब्यावरा में दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई
- bySatendra Mishra
- 30 Apr 2026, 06:40 PM
- 4 Mins
मुरैना से उज्जैन जा रही एक खुशियों भरी बारात गुरुवार सुबह राजगढ़ जिले के ब्यावरा में दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई। काचरी जोड़ के पास बारातियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण दुर्घटना में दूल्हे की दादी समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 19 लोग घायल हो गए हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र ट्रेवल्स की बस में 60-70 बाराती सवार थे, जो रछेड़ गांव से उज्जैन जा रहे थे। सुबह करीब 6 बजे चालक को झपकी आ गई, जिससे बस नियंत्रण खो बैठी। बस सड़क किनारे खाई में उतरते हुए दूसरी लेन में पहुंची और कई बार पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस करीब 10-12 मीटर तक उछलती-पलटती रही।
हादसा इतना भीषण था कि बस के अंदर बैठे लोग सीटों में फंस गए, कई बाहर जा गिरे। अंशु उर्फ विष्णु तोमर (25) और अभय तोमर (24) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूल्हे की दादी बिटोली देवी (60) ने गंभीर चोटों के कारण दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस की मदद से ब्यावरा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायल कई लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
हादसे की खबर मिलते ही राज्य मंत्री नारायण सिंह पंवार अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया।
हैरानी की बात यह सामने आई है कि हादसे से करीब दो घंटे पहले ही बस का ड्राइवर बदला गया था, बावजूद इसके नया चालक भी झपकी का शिकार हो गया। इस लापरवाही ने तीन जिंदगियां छीन लीं और कई परिवारों को गहरे जख्म दे दिए।
Satendra Mishra
संवाददाता एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, प्रशासन और सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है। वे जमीनी स्तर की खबरों को निष्पक्ष और तथ्यात्मक रूप में पाठकों तक पहुँचाने पर विश्वास रखते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य विश्वसनीय जानकारी के साथ जनहित से जुड़े विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।
Latest News
गाडरवारा राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन,
- 22 July, 2026
- 3 Mins
