पीएम श्री विद्यालय पिपरिया कला में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस ध्वजारोहण, रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के सम्मान के साथ हुआ आयोजन; कृषि प्रयोगशाला का शुभारंभ
- bySatendra Mishra
- 15 Aug 2026, 08:19 PM
- 9 Mins
पीएम श्री विद्यालय पिपरिया कला में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
ध्वजारोहण, रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के सम्मान के साथ हुआ आयोजन; कृषि प्रयोगशाला का शुभारंभ एवं ग्रामीणों को हेलमेट वितरण भी
गाडरवारा। पीएम श्री शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल पिपरिया कला, विकासखंड साईंखेड़ा, जिला नरसिंहपुर में 15 अगस्त 2026 को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह राष्ट्रभक्ति और उल्लास के वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्र पर विधिवत पूजन-अर्चन एवं पुष्पमाला अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात विद्यालय की प्राचार्य मीना अग्रवाल एवं मुख्य अतिथि जनपद सदस्य साईंखेड़ा चंद्रपाल राजपूत द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। ध्वजारोहण के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रगान के साथ देश की स्वतंत्रता एवं वीर शहीदों को नमन किया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, देशभक्ति गीत, भाषण, कविताओं तथा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। विद्यार्थियों ने धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रप्रेम का संदेश भी प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों की उपस्थित अतिथियों एवं ग्रामीणों ने सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह के दौरान विद्यालय के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को उनकी उत्कृष्ट प्रतिभा, मेहनत एवं उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। अतिथियों ने कहा कि विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने से उनमें आगे बढ़ने का आत्मविश्वास पैदा होता है तथा वे शिक्षा के साथ अन्य क्षेत्रों में भी बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।
*कृषि प्रयोगशाला का हुआ शुभारंभ*
स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर विद्यालय में व्यवसायिक शिक्षा के अंतर्गत संचालित कृषि प्रयोगशाला का भी विधिवत शुभारंभ किया गया। कृषि प्रयोगशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को कृषि की आधुनिक तकनीकों, प्रयोगात्मक शिक्षा तथा कृषि क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्य अतिथि जनपद सदस्य चंद्रपाल राजपूत एवं उपस्थित ग्रामीणजनों ने विद्यालय में कृषि प्रयोगशाला तैयार करने तथा विद्यार्थियों को कृषि क्षेत्र के प्रति जागरूक एवं प्रोत्साहित करने की पहल के लिए व्यवसायिक कृषि शिक्षक रजनीश कुमार कौरव की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि कृषि प्रधान क्षेत्र में विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही आधुनिक कृषि तकनीक एवं व्यावहारिक ज्ञान से जोड़ना एक महत्वपूर्ण पहल है।
*ग्रामीणों को हेलमेट वितरित कर दिया सड़क सुरक्षा का संदेश*
समारोह के दौरान जनपद सदस्य चंद्रपाल राजपूत द्वारा ग्राम से बाहर आवागमन कर मेहनत एवं नौकरी करने वाले ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हेलमेट वितरण की पहल की गई। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें और शासन-प्रशासन द्वारा बनाए गए यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं बल्कि प्रत्येक परिवार की सुरक्षा से जुड़ा विषय है।
*शिक्षा एवं आधुनिक संसाधनों को बढ़ावा देने पर जोर*
मुख्य अतिथि ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा क्षेत्रीय विधायक एवं परिवहन व स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह द्वारा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। पीएम श्री विद्यालयों में आधुनिक सुविधाओं, तकनीकी शिक्षा एवं नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिसका लाभ विद्यार्थियों को मिल रहा है। उन्होंने इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों के लिए शासन का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों, ग्रामीणजनों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों के बीच प्रसादी का वितरण किया गया। इसके साथ ही स्वतंत्रता दिवस समारोह के समापन की घोषणा की गई।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी, जनपद सदस्य, ग्रामीणजन एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Satendra Mishra
संवाददाता एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, प्रशासन और सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है। वे जमीनी स्तर की खबरों को निष्पक्ष और तथ्यात्मक रूप में पाठकों तक पहुँचाने पर विश्वास रखते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य विश्वसनीय जानकारी के साथ जनहित से जुड़े विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।
Latest News
शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय नरसिंहपुर में विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर आयोजित
- 25 August, 2026
- 5 Mins
