पंचर सॉल्यूशन बना नशे का जहर
गाडरवारा में मासूम बचपन की सुनियोजित तबाही, सिस्टम की चुप्पी उजागर
गाडरवारा। गाडरवारा में नशे का सबसे खतरनाक और अमानवीय चेहरा अब पूरी तरह बेनकाब हो चुका है। खुले बाजार में बिकने वाला पंचर बनाने का सॉल्यूशन गरीब और बेसहारा नाबालिग बच्चों के लिए नशे का घातक हथियार बन गया है। यह सस्ता जहर बच्चों की सांसों के साथ उनके शरीर, दिमाग और भविष्य को लगातार खत्म कर रहा है। यह नशा केवल गलियों तक सीमित नहीं रहा। पूर्व में गाडरवारा शहर में आयोजित डमरू घाटी के मेले के दौरान नाबालिग लड़के और लड़कियां खुलेआम पंचर सॉल्यूशन का नशा करते देखे गए। रेलवे स्टेशन के आसपास सड़क पर रहने वाले बच्चे, प्लेटफॉर्म किनारे सोने वाले नाबालिग, और शहर के चौक-चौराहों पर भीख मांगने वाले गरीब बच्चे इस जहरीले नशे के सबसे बड़े शिकार बन चुके हैं। इन मासूमों की हालत किसी मसीह की आधी होती जा रही है—जिंदा शरीर, लेकिन खत्म होती चेतना।
नशे की गिरफ्त में आए ये बच्चे धीरे-धीरे परिवार, शिक्षा और इंसानियत से कटते जा रहे हैं। चोरी, झपटमारी और छोटे अपराध इनके जीवन की मजबूरी बनते जा रहे हैं। यह कोई आकस्मिक घटना नहीं, बल्कि गाडरवारा में बचपन को खत्म करने वाली एक सुनियोजित और लगातार चल रही त्रासदी है। इस पूरे गोरखधंधे में सबसे शर्मनाक भूमिका सिस्टम की है। नशे का यह जहर मेले, स्टेशन और बाजारों में खुलेआम बिकता रहा और जिम्मेदार विभाग आंखें मूंदे बैठे रहे। जिन दुकानों से यह सॉल्यूशन बेचा जा रहा है, वहां न कोई नियंत्रण है और न ही कोई भय। मासूमों की बर्बादी के सौदागर बेखौफ हैं। मामले की गंभीरता सामने आने के बाद गाडरवारा एसडीओपी ललित डागुर ने स्वीकार किया कि बच्चों में पंचर सॉल्यूशन का नशा तेजी से फैल रहा है। पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान चलाने और सॉल्यूशन बेचने वाले दुकानदारों की बैठक लेकर उन्हें सख्त चेतावनी देने की बात कही गई है। लापरवाही पर कार्रवाई के संकेत भी दिए गए हैं।
गाडरवारा के लिए यह खबर चेतावनी नहीं, बल्कि सीधा आरोप है। अगर अब भी ठोस और जमीन पर दिखने वाली कार्रवाई नहीं हुई, तो यह जहरीला नशा पूरे शहर के बचपन को निगल जाएगा और जिम्मेदारी तय करने वाला कोई नहीं बचेगा।
Satendra Mishra
संवाददाता एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, प्रशासन और सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है। वे जमीनी स्तर की खबरों को निष्पक्ष और तथ्यात्मक रूप में पाठकों तक पहुँचाने पर विश्वास रखते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य विश्वसनीय जानकारी के साथ जनहित से जुड़े विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।
Latest News
गाडरवारा बोहानी हाट बाजार में गम कथा, शिक्षक दिवस पर गुरुओं का हुआ सम्मान
- 06 September, 2026
- 3 Mins
🔴 ब्रेकिंग न्यूज़: गाडरवारा में लिलवानी नदी के किनारे मिला अज्ञात व्यक्ति का शव,
- 04 September, 2026
- 2 Mins
गाडरवारा: एनटीपीसी के दो इंजीनियरों से मारपीट और वसूली, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
- 03 September, 2026
- 3 Mins
