Follow Us:

नरसिंगपुर रिश्तों के कत्ल की एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ जमीन और पानी के विवाद को लेकर एक भतीजे ने अपने सगे चाचा की सीने में गोली मारकर हत्या कर दी।

1000608308

नरसिंहपुर। जिले डूंडी पिड़राई गांव  में आज रिश्तों के कत्ल की एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ जमीन और पानी के विवाद को लेकर एक भतीजे ने अपने माता-पिता के साथ मिलकर सगे चाचा की सीने में गोली मारकर हत्या कर दी।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम डूंडी पिंडरई निवासी प्रेमनारायण पटेल (पिता केदार पटेल) आज सुबह अपने खेत में हल चला रहे थे। इसी दौरान उनका सगा भतीजा वहाँ पहुँचा और गेहूं की फसल में पानी पड़ने की बात को लेकर चाचा से विवाद करने लगा। शुरुआती कहासुनी के बाद भतीजा वहाँ से चला गया, लेकिन कुछ ही देर बाद वह अपने माता और पिता के साथ वापस लौटा। आरोप है कि वापस आए भतीजे और उसके परिजनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने तमंचे से प्रेमनारायण के सीने में गोली दाग दी। गोली लगते ही प्रेमनारायण खेत में ही गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय मृतक का बेटा भी वहीं मौजूद था, जो जान बचाकर वहाँ से भागा और ग्राम कोटवार को इसकी सूचना दी।

ग्राम कोटवार की सूचना पर स्टेशनगंज पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव का पंचनामा तैयार किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए नरसिंहपुर जिला अस्पताल भेजा।पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मृतक का बेटा इस पूरी घटना का चश्मदीद है, जिसके बयान के आधार पर पुलिस आगे की तफ्तीश कर रही है।

शुरुआती जांच में यह बात सामने आ रही है कि परिवार में जमीन के बंटवारे को लेकर पहले से तनाव था, लेकिन आज गेहूं की फसल में पानी जाने की मामूली बात खूनी संघर्ष में बदल गई। इस घटना के बाद से गांव में मातम और तनाव का माहौल है।

img
Author

Satendra Mishra

संवाददाता एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, प्रशासन और सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है। वे जमीनी स्तर की खबरों को निष्पक्ष और तथ्यात्मक रूप में पाठकों तक पहुँचाने पर विश्वास रखते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य विश्वसनीय जानकारी के साथ जनहित से जुड़े विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।