Follow Us:

नरसिंगपुर राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने किया खेल मैदानों का निरीक्षण कोंडिया और बोहानी के खेल मैदानों का लिया जायजा,

1000230105


राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने किया खेल मैदानों का निरीक्षण
कोंडिया और बोहानी के खेल मैदानों का लिया जायजा, खिलाड़ियों की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
गाडरवारा/नरसिंहपुर। 70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता (अंडर-19 बालक वर्ग) के आयोजन को लेकर क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में प्रदेश शासन के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री श्री राव उदय प्रताप सिंह ने कोंडिया एवं शासकीय राघव कृषि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बोहानी के खेल मैदानों का निरीक्षण कर आयोजन की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मैदानों की स्थिति, खेल व्यवस्थाओं और खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता की मेजबानी करना गाडरवारा एवं नरसिंहपुर जिले के लिए गौरव और सम्मान की बात है। देश के विभिन्न राज्यों से प्रतिभाशाली खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंचेंगे। यह आयोजन न केवल युवा खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर देगा, बल्कि क्षेत्र को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाड़ियों एवं टीमों के लिए आवास, भोजन, स्वच्छ पेयजल, चिकित्सा, परिवहन सहित सभी आवश्यक सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आयोजन से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि किसी भी खिलाड़ी, प्रशिक्षक अथवा खेल अधिकारी को असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने आयोजन को सुव्यवस्थित, गरिमामय और यादगार बनाने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूरी तत्परता और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। मंत्री ने कहा कि बाहर से आने वाले खिलाड़ियों और अतिथियों को क्षेत्र की अच्छी मेजबानी और बेहतर व्यवस्थाओं का अनुभव होना चाहिए।
इस अवसर पर डॉ. हरगोविंद पटेल, श्री रमाकांत शर्मा, श्री हरिप्रताप ममार, श्री मनोज शर्मा, श्री राजीव ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
11 से 17 नवंबर तक होगा राष्ट्रीय स्तर का मुकाबला
उल्लेखनीय है कि 70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता (अंडर-19 बालक वर्ग) का आयोजन 11 से 17 नवंबर तक किया जाएगा। प्रतियोगिता के मुकाबले गाडरवारा के रूद्र मैदान, एनटीपीसी खेल मैदान, काबरा मेमोरियल पब्लिक स्कूल, चीचली नगर परिषद खेल मैदान, आमगांव छोटा ग्राम पंचायत मैदान, कौड़िया ग्राम पंचायत मैदान तथा बोहानी स्थित शासकीय राघव कृषि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित होंगे।
इस राष्ट्रीय आयोजन से गाडरवारा और नरसिंहपुर जिले को खेल जगत में नई पहचान मिलने की उम्मीद है। अब क्षेत्रवासियों की नजरें इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन और देशभर से आने वाले युवा क्रिकेट खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर टिकी हैं।

img
Author

Satendra Mishra

संवाददाता एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, प्रशासन और सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है। वे जमीनी स्तर की खबरों को निष्पक्ष और तथ्यात्मक रूप में पाठकों तक पहुँचाने पर विश्वास रखते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य विश्वसनीय जानकारी के साथ जनहित से जुड़े विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।