Follow Us:

गाडरवारा में 70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ,

1000232659

​गाडरवारा में 70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, 

​गाडरवारा (मध्य प्रदेश):

रुद्र मैदान में 11 से 17 नवंबर तक आयोजित होने वाली 70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता (अंडर-19 बालक वर्ग) का बुधवार को भव्य शुभारंभ हुआ। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के ध्वजारोहण और देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों के आकर्षक मार्चपास्ट के साथ खेल महाकुंभ का आगाज हुआ।

​कार्यक्रम में मुख्य आतिथ्य सहकारिता एवं खेल मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग और परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।

​खेल केवल जीत-हार नहीं, जीवन का अनुशासन है: मंत्री विश्वास सारंग

​समारोह को संबोधित करते हुए खेल मंत्री श्री विश्वास सारंग ने कहा कि खेलकूद किसी भी व्यक्ति के जीवन का अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। यह व्यक्ति को अनुशासन, संयम, समर्पण और संघर्ष करना सिखाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का स्पष्ट संदेश है कि ‘खेलोगे तो खिलोगे’ और देश को फिट बनाने के लिए नागरिकों का फिट होना आवश्यक है।

​मंत्री श्री सारंग ने मध्य प्रदेश की खेल नीतियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। पिछले दो वर्षों में मध्य प्रदेश राष्ट्रीय खेलों में देश में तीसरे स्थान पर पहुंचा है। प्रदेश की हर विधानसभा में खेल परिसर विकसित करने की योजना पर कार्य चल रहा है, और वर्तमान में 11 आवासीय खेल अकादमियों के माध्यम से 18 खेलों के खिलाड़ियों को पूरी तरह सरकारी खर्च पर प्रशिक्षित किया जा रहा है। उन्होंने क्रिकेट को बढ़ावा देने के सरकार के प्रयासों का भी विशेष उल्लेख किया।

​गाडरवारा के लिए राष्ट्रीय मेजबानी गौरव का अवसर: मंत्री उदय प्रताप सिंह

​स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने अपने गृह क्षेत्र में इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के आयोजन को गाडरवारा के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधि होने के नाते देश भर से आए खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन, उत्कृष्ट आवास और सुरक्षित वातावरण देना हमारी प्राथमिकता है।

​मंत्री श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 'खेलो इंडिया-जीतो इंडिया' मंत्र के अनुरूप आज मध्य प्रदेश के युवा हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इसी प्रतियोगिता में खेल रहे युवा खिलाड़ी भविष्य में सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी और वीरेंद्र सहवाग की तरह देश का नाम रोशन करेंगे। साथ ही, उन्होंने मध्य प्रदेश की महिला क्रिकेटर क्रांति गौड़ और सुनीता सराथे का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रदेश की बेटियां भी खेल जगत में नए आयाम स्थापित कर रही हैं।

​सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और मार्चपास्ट से सजा मैदान

  • ​उद्घाटन समारोह के दौरान काबरा मेमोरियल स्कूल के बैंड दल की अगुवाई में खिलाड़ियों ने शानदार मार्चपास्ट किया।
  • ​क्रेयॉन स्कूल और काबरा मेमोरियल स्कूल के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।
  • ​देवांश तिवारी ने खिलाड़ियों को खेल भावना और अनुशासन की शपथ दिलाई।
  • ​जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अनिल कुशवाहा ने प्रतियोगिता का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन श्री दीपक अग्निहोत्री एवं श्री मनीष शंकर तिवारी ने और आभार प्रदर्शन राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती साधना स्थापक ने किया।

​गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति

​इस अवसर पर सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति काकोड़िया, नगरपालिका अध्यक्ष श्री शिवाकांत मिश्रा, कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षा विभाग के तमाम अमले के साथ-साथ देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ी, कोच और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

img
Author

Satendra Mishra

संवाददाता एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, प्रशासन और सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है। वे जमीनी स्तर की खबरों को निष्पक्ष और तथ्यात्मक रूप में पाठकों तक पहुँचाने पर विश्वास रखते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य विश्वसनीय जानकारी के साथ जनहित से जुड़े विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।