Follow Us:

गाडरवारा में 70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता का आगाज, देशभर की टीमों का पहुंचना शुरू 29 टीमों के खिलाड़ी दिखाएंगे क्रिकेट का दमखम, 11 से 17 नवंबर तक होगा राष्ट्रीय स्तर का मुकाबला

1000228238

गाडरवारा में 70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता का आगाज, देशभर की टीमों का पहुंचना शुरू

29 टीमों के खिलाड़ी दिखाएंगे क्रिकेट का दमखम, 11 से 17 नवंबर तक होगा राष्ट्रीय स्तर का मुकाबला

गाडरवारा (नरसिंहपुर)। मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा में 70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता अंडर-19 बालक वर्ग को लेकर उत्साह और तैयारियां चरम पर हैं। प्रदेश के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री श्री राव उदय प्रताप सिंह के प्रयासों से आयोजित होने वाली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए देश के विभिन्न राज्यों की टीमों का आगमन शुरू हो गया है। प्रतियोगिता 11 नवंबर से 17 नवंबर तक नगर के रूद्र कॉलेज मैदान सहित अन्य क्षेत्रीय खेल मैदानों पर आयोजित की जाएगी।

दीपावली के बाद देर रात से ही खिलाड़ियों और टीमों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। सबसे पहले ओवरनाइट एक्सप्रेस से ओडिशा की टीम गाडरवारा रेलवे स्टेशन पहुंची। इसके बाद सोमवार सुबह इंटरसिटी एक्सप्रेस से केरल की टीम का आगमन हुआ। वहीं महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी की टीमें भी ट्रेनों के माध्यम से गाडरवारा पहुंचीं।

रेलवे स्टेशन पर पहुंचने वाली टीमों का शिक्षा विभाग के अधिकारियों, प्राचार्यों, शिक्षकों एवं आयोजन से जुड़े प्रतिनिधियों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंटकर और तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया। स्वागत करने वालों में प्राचार्य प्रफुल्ल इंदुरख्या, बीईओ वीरेंद्र राजपूत, प्राचार्य एम.के. चक्रवर्ती, ए.के. रघुवंशी, बीआरसी संदीप स्थापक, ओपी राय, जिला क्रीड़ा एवं कल्याण निरीक्षक अनुज जैन, पीटीआई मुकेश पटेल, विक्रम शर्मा, सोमनाथ मेहरा एवं शिवकुमार कौरव सहित अन्य शिक्षक शामिल रहे।

स्टेशन पर स्वागत के बाद खिलाड़ियों को उनके निर्धारित आवास स्थलों तक पहुंचाया गया, जहां आवास व्यवस्था से जुड़े सदस्यों द्वारा भी उनका स्वागत एवं अगवानी की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात्रि तक शेष सभी टीमों के गाडरवारा पहुंचने की संभावना है।

इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में आंध्र प्रदेश, बिहार, सीबीएसई, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन, दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव, दिल्ली, गोवा, गुजरात, हरियाणा, इंटरनेशनल बोर्ड स्कूल्स स्पोर्ट्स ऑर्गनाइजेशन, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, केरल, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, नवोदय विद्यालय समिति, ओडिशा, पुडुचेरी, पंजाब, तमिलनाडु, तेलंगाना, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल सहित कुल 29 टीमें हिस्सा लेंगी।

खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था नगर के शादी गार्डनों में की गई है, जबकि भोजन की व्यवस्था पीएमश्री शासकीय कन्या नवीन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गाडरवारा में रखी गई है।

राष्ट्रीय खेल आयोजन से गाडरवारा को मिलेगी नई पहचान

राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता से गाडरवारा को देशभर में खेल नगरी के रूप में पहचान मिलने की उम्मीद है। अलग-अलग राज्यों से आने वाले युवा खिलाड़ी अपनी क्रिकेट प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। साथ ही स्थानीय खिलाड़ियों को भी राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के खेल और प्रदर्शन को करीब से देखने तथा उनसे सीखने का अवसर मिलेगा।

अब सभी की निगाहें 11 नवंबर से शुरू होने वाले इस राष्ट्रीय खेल महाकुंभ पर टिकी हैं। गाडरवारा में देशभर के खिलाड़ियों का स्वागत करने के लिए खेल प्रेमियों और आयोजन से जुड़े लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

खबर 24 लाइव टीवी 

img
Author

Satendra Mishra

संवाददाता एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, प्रशासन और सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है। वे जमीनी स्तर की खबरों को निष्पक्ष और तथ्यात्मक रूप में पाठकों तक पहुँचाने पर विश्वास रखते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य विश्वसनीय जानकारी के साथ जनहित से जुड़े विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।