मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दक्षिणी दिल्ली में एक सभा के दौरान अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोलते हुए जनता से सवाल किया कि “शराब और स्कूल घोटाला करने वाले क्या कट्टर ईमानदार हो सकते हैं

1000496766

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दक्षिणी दिल्ली में एक सभा के दौरान अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोलते हुए जनता से सवाल किया कि “शराब और स्कूल घोटाला करने वाले क्या कट्टर ईमानदार हो सकते हैं?”

उन्होंने बिना नाम लिए पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन्होंने कभी गाड़ी, बंगला और कुर्सी न लेने की बात कही थी, वही बाद में आलीशान ‘शीशमहल’ में रहने लगे।

मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि बच्चों की कसम खाने वाले नेताओं के कार्यकाल में क्लासरूम निर्माण में अनियमितताओं और शराब नीति में गड़बड़ियों के आरोप लगे।

उन्होंने दावा किया कि नई आबकारी नीति के तहत “एक के साथ एक बोतल मुफ्त” जैसी योजनाओं से राजस्व से ज्यादा विवाद पैदा हुए और राजधानी की छवि को नुकसान पहुंचा।

वर्ष 2022 में दिल्ली की नई आबकारी नीति को लेकर शुरू हुआ विवाद राजनीतिक और कानूनी लड़ाई में बदल गया था। जांच एजेंसियों ने आरोप लगाया था कि नीति निर्माण और लाइसेंस आवंटन में कथित तौर पर अनियमितताएं हुईं। इसी मामले में पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया समेत कई नेताओं और कारोबारियों से पूछताछ हुई और गिरफ्तारियां भी की गईं।

अब 2026 में अदालत ने इस मामले में केजरीवाल, सिसोदिया सहित कुल 23 आरोपियों को बरी कर दिया। अदालत ने अपने फैसले में कहा कि उपलब्ध साक्ष्य आरोप सिद्ध करने के लिए पर्याप्त नहीं हैं। इस निर्णय के बाद आम आदमी पार्टी ने इसे 'सच्चाई की जीत' बताया, जबकि विपक्ष ने जांच और नीति प्रक्रिया पर अब भी सवाल उठाए। 

कानूनी रूप से आरोपियों को राहत मिलने के बावजूद राजनीतिक बहस थमी नहीं है।  अब सवाल यह है कि अदालत से बरी होने के बाद क्या यह विवाद पूरी तरह खत्म हो जाएगा, या फिर ‘कट्टर ईमानदारी’ बनाम ‘घोटाले’ की यह बहस सियासी मंचों पर गूंजती रहेगी?

 

img
Author

Satendra Mishra

संवाददाता एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, प्रशासन और सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है। वे जमीनी स्तर की खबरों को निष्पक्ष और तथ्यात्मक रूप में पाठकों तक पहुँचाने पर विश्वास रखते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य विश्वसनीय जानकारी के साथ जनहित से जुड़े विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।