नरसिंगपुर आलू की बोरियों में छिपा रखी थी 130 पेटी शराब: हाईवे पर पुलिस ने बिछाया जाल, 21 लाख का मशरूका जब्त
- bySatendra Mishra
- 07 Aug 2026, 07:50 PM
- 5 Mins
आलू की बोरियों में छिपा रखी थी 130 पेटी शराब: हाईवे पर पुलिस ने बिछाया जाल, 21 लाख का मशरूका जब्त
नरसिंहपुर। जिले में अवैध शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे "ऑपरेशन ईगल क्लॉ" के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। तेंदूखेड़ा थाना पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-45 पर घेराबंदी कर आलू की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही करीब 11.20 लाख रुपये की अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। मामले में तस्करी में इस्तेमाल पिकअप वाहन और अन्य सामग्री समेत कुल 21 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर बुढ़ा पेट्रोल पंप के पास नाकाबंदी
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। 5 अगस्त को गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि जबलपुर की तरफ से एक सफेद रंग की महिंद्रा पिकअप (MP 04 WA 8827) में अवैध शराब की बड़ी खेप लाई जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया और एसडीओपी तेंदूखेड़ा अभिनव मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने बुढ़ा पेट्रोल पंप के पास सघन चेकिंग शुरू की।
रॉन्ग साइड गाड़ी मोड़कर भागा चालक, खेतों में गायब
नाकाबंदी के दौरान जब पुलिस ने संदेही वाहन को रोकने का इशारा किया, तो चालक पिकअप को रॉन्ग साइड मोड़कर तेजी से भागने लगा। पुलिस टीम ने तुरंत पीछा किया, लेकिन ग्राम बुढ़ा स्थित पावर हाउस के पास चालक गाड़ी खड़ी कर, चाबी निकालकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए खेतों की तरफ भाग निकला।
तिरपाल और आलू की बोरियों में छिपी थी शराब
वाहन की गहन तलाशी लेने पर पुलिस भी हैरान रह गई। पिकअप में पीले रंग के तिरपाल और आलू की 8 बोरियों के नीचे भारी मात्रा में अवैध शराब छिपाई गई थी। मौके से 130 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसकी कुल बाजार कीमत ₹11,19,924 आंकी गई है।
जब्त सामग्री का विवरण:
- अवैध शराब: 130 पेटी (8 PM, बैगपाइपर, मैजिक मूवमेंट और ऑफिसर च्वाइस) — कीमत ₹11,19,924
- वाहन एवं अन्य: महिंद्रा पिकअप, वन प्लस मोबाइल फोन, तिरपाल व 8 बोरी आलू — कीमत ₹9,80,000
- कुल जब्त मशरूका: ₹21,00,000 (लगभग)
अज्ञात आरोपी पर केस दर्ज
तेंदूखेड़ा थाना पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक किशोर वामनकर, उपनिरीक्षक गौरव नेमा, प्रधान आरक्षक अखिलेश, संजय शाह, नारायण तथा आरक्षक लखन, बहादुर, अवधेश, वीरेन्द्र एवं महिला आरक्षक कुमुद पाठक की सराहनीय भूमिका रही।
Satendra Mishra
संवाददाता एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, प्रशासन और सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है। वे जमीनी स्तर की खबरों को निष्पक्ष और तथ्यात्मक रूप में पाठकों तक पहुँचाने पर विश्वास रखते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य विश्वसनीय जानकारी के साथ जनहित से जुड़े विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।
Latest News
गाडरवारा पांच सूत्रीय मांगों को लेकर कलमबंद आंदोलन: पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू
- 04 August, 2026
- 3 Mins
