गाडरवारा 🏥 शासकीय सिविल अस्पताल गाडरवारा में निजी दवा कंपनियों के एमआर का बढ़ता हस्तक्षेप

1000666397

गाडरवारा

🏥 शासकीय सिविल अस्पताल गाडरवारा में निजी दवा कंपनियों के एमआर का बढ़ता हस्तक्षेप

गाडरवारा। नरसिंहपुर जिले की तहसील गाडरवारा स्थित शासकीय सिविल अस्पताल में इन दिनों निजी दवा कंपनियों के मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) और मार्केटिंग एजेंटों की सक्रियता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार अस्पताल परिसर में आए दिन विभिन्न दवा कंपनियों के प्रतिनिधि डॉक्टरों और स्टाफ के संपर्क में देखे जा रहे हैं, जबकि शासकीय अस्पतालों में इस प्रकार की गतिविधियां प्रतिबंधित मानी जाती हैं। सूत्रों के मुताबिक, पहले यह सिलसिला डॉक्टरों की निजी क्लीनिक तक सीमित था, लेकिन अब सरकारी अस्पताल तक इसका विस्तार हो गया है। एमआर द्वारा नई-नई दवाइयों के प्रचार-प्रसार के साथ डॉक्टरों को प्रभावित करने के प्रयास खुले तौर पर देखे जा रहे हैं।

*कमीशन और प्रलोभन का खेल?*
विश्वसनीय सूत्रों का दावा है कि कुछ दवा कंपनियां डॉक्टरों के साथ कथित सांठगांठ कर उन्हें विशेष दवाइयां लिखने के एवज में आकर्षक उपहार और कमीशन जैसे लाभ उपलब्ध कराती हैं। यह भी आरोप सामने आए हैं कि जिन दवाइयों को अधिक मात्रा में लिखा जाता है, वे सामान्य मेडिकल स्टोर्स पर उपलब्ध नहीं होतीं, बल्कि चुनिंदा दुकानों के माध्यम से ही मिलती हैं।

*मरीजों पर पड़ रहा असर*
विशेषज्ञों का मानना है कि इस प्रकार की व्यवस्था से मरीजों को अनावश्यक रूप से महंगी दवाइयां खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ता है। कई मामलों में विकल्प उपलब्ध होने के बावजूद केवल विशेष कंपनी की दवाइयां ही लिखी जाती हैं, जिससे आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है। यह भी आरोप है कि दवाइयों पर मिलने वाला संभावित डिस्काउंट मरीजों तक पहुंचने के बजाय अन्य स्तरों पर ही सीमित रह जाता है। साथ ही, कुछ मामलों में कम कीमत वाली दवाइयों पर अधिक एमआरपी दर्शाने जैसे अनियमितताओं की भी आशंका जताई जा रही है।

*प्रशासन से जांच और कार्रवाई की मांग*

स्थानीय नागरिकों और जागरूक लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शासकीय अस्पतालों में ही इस प्रकार की गतिविधियां जारी रहीं, तो स्वास्थ्य व्यवस्था की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लग सकता है।

img
Author

Satendra Mishra

संवाददाता एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, प्रशासन और सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है। वे जमीनी स्तर की खबरों को निष्पक्ष और तथ्यात्मक रूप में पाठकों तक पहुँचाने पर विश्वास रखते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य विश्वसनीय जानकारी के साथ जनहित से जुड़े विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।