एक करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात: कौड़ियां, लिलवानी और सडूमर में भूमि पूजन-लोकार्पण, सांसद-दर्शन सिंह व विधायक विश्वनाथ पटेल ने विकास को दी नई गति
- bySatendra Mishra
- 19 Jul 2026, 08:35 PM
- 9 Mins
एक करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात: कौड़ियां, लिलवानी और सडूमर में भूमि पूजन-लोकार्पण, सांसद-दर्शन सिंह व विधायक विश्वनाथ पटेल ने विकास को दी नई गति
मंगल भवन, अस्पताल, हाई स्कूल टीन शेड, हाट बाजार, सीसी सड़क, नाली सहित अनेक विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन • खेरापति मंदिर परिसर में दो टीन शेड और दो चबूतरों की घोषणा • 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत किया वृक्षारोपण
गाडरवारा, प्रतिनिधि। ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और समग्र विकास को नई गति देते हुए गाडरवारा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कौड़ियां, लिलवानी एवं सडूमर में एक करोड़ रुपये से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन एवं लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय सांसद चौधरी दर्शन सिंह तथा तेंदूखेड़ा विधायक विश्वनाथ सिंह पटेल (मुलायम भैया) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे।
ग्राम कौड़ियां में लगभग 49 लाख रुपये की लागत से बनने वाले मंगल भवन एवं सीसी सड़क निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन किया गया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इन निर्माण कार्यों से गांव के सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा ग्रामीणों को आवागमन में भी राहत मिलेगी।
इसके बाद ग्राम लिलवानी में लगभग 65 लाख रुपये की लागत से निर्मित अस्पताल भवन, सीसी सड़क, नाली निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। इस दौरान आयोजित आमसभा में विधायक विश्वनाथ सिंह पटेल ने ग्रामीणों की मांग पर खेरापति मंदिर परिसर में दो टीन शेड एवं दो चबूतरों के निर्माण की घोषणा की। वहीं सांसद चौधरी दर्शन सिंह ने क्षेत्र में आवश्यक विकास कार्यों के लिए हरसंभव सहयोग एवं आवश्यक राशि उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम के दौरान सांसद एवं विधायक ने भाजपा कार्यकर्ता रामेश्वर मामर के निवास पर 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाया जा रहा यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित भविष्य सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
इसी क्रम में हाई स्कूल प्रांगण सडूमर में आयोजित कार्यक्रम में सांसद दर्शन सिंह चौधरी एवं विधायक विश्वनाथ सिंह पटेल ने लगभग 99 लाख रुपये लागत के 10 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें ₹28.35 लाख की लागत से निर्मित हाई स्कूल का टीन शेड तथा ₹25 लाख की लागत से निर्मित हाट बाजार प्रमुख हैं। इसके अतिरिक्त अन्य विकास कार्यों का भी लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए विधायक विश्वनाथ सिंह पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, अधोसंरचना और मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। सरकार का उद्देश्य गांवों को आत्मनिर्भर बनाना और प्रत्येक नागरिक तक विकास का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से विद्यार्थियों, किसानों, महिलाओं एवं ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।
सांसद चौधरी दर्शन सिंह ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार गांवों के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं के विकास से ग्रामीण क्षेत्रों की तस्वीर बदल रही है और आने वाले समय में विकास कार्यों की यह श्रृंखला निरंतर जारी रहेगी।
इस अवसर पर जिला महामंत्री हरिप्रताप मामर, वरिष्ठ भाजपा नेता राजकुमार रघुवंशी, जिला उपाध्यक्ष मुकेश पटेल, जिला पंचायत सदस्य धनंजय पटेल, जनपद सदस्य भगवेंद्र मामर, मोनू यादव, प्रताप सिंह कौरव, कौड़ियां मंडल अध्यक्ष ईश्वर गुर्जर, महामंत्री रामेश्वर धानक, कौड़ियां सरपंच संतोष मेहरा, लिलवानी सरपंच प्रदीप मेहरा, वरिष्ठ भाजपा नेता अशोक मिश्रा, भास्कर पटेल, बाबूजी मामर, रमाकांत कौरव, रामेश्वर मामर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में कौड़ियां मंडल अध्यक्ष ईश्वर गुर्जर ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणजनों का आभार व्यक्त करते हुए विकास कार्यों के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
Satendra Mishra
संवाददाता एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, प्रशासन और सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है। वे जमीनी स्तर की खबरों को निष्पक्ष और तथ्यात्मक रूप में पाठकों तक पहुँचाने पर विश्वास रखते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य विश्वसनीय जानकारी के साथ जनहित से जुड़े विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।
