Follow Us:

धार जिले की सरदारपुर तहसील में लोकायुक्त इंदौर की टीम ने शुक्रवार को ट्रेप कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया

1000593151

धार जिले की सरदारपुर तहसील में लोकायुक्त इंदौर की टीम ने शुक्रवार को ट्रेप कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। पटवारी जमीन का पट्टा जल्दी कराने के नाम पर एक लाख रुपये की मांग कर रही थी। टीम ने आरोपी को आवेदक से पहली किश्त के रूप में पांच हजार रुपये लेते समय गिरफ्तार किया। महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश पर लोकायुक्त इंदौर इकाई ने शुक्रवार को सरदारपुर तहसील में ट्रेप कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार आवेदक लक्ष्मण कुमावत (53) निवासी ग्राम कुमारिया खेड़ी, ग्राम पंचायत भानगढ़, तहसील सरदारपुर जिला धार ने लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में शिकायत दर्ज कराई थी। आवेदक ने बताया कि ग्राम कुमारिया खेड़ी में जिस जमीन पर उसने मकान बनाया है तथा मकान के पीछे की जमीन जिस पर उसका कब्जा है, उस जमीन का पट्टा उसके नाम होना है। आरोप है कि भानगढ़ हल्के की पटवारी श्रीमती भारती राजपूत (32), पति दीपक राजपूत ने उक्त पट्टा जल्दी करवाने के एवज में एक लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी।

इस संबंध में आवेदक ने लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय को शिकायत की। लोकायुक्त टीम ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद 13 मार्च 2026 को ट्रेप दल का गठन कर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की गई। टीम ने आरोपी पटवारी श्रीमती भारती राजपूत को आवेदक से पहली किश्त के रूप में पांच हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7 के अंतर्गत कार्रवाई की जा रही है।

ट्रेप दल में कार्यवाहक निरीक्षक आशुतोष मिठास, कार्यवाहक प्रधान आरक्षक आशीष शुक्ला, आरक्षक विजय कुमार, आरक्षक आदित्य सिंह भदौरिया, आरक्षक पवन पटोरिया, आरक्षक मनीष माथुर, आरक्षक कृष्णा अहिरवार और महिला आरक्षक भारती बागोरा शामिल रहे।

img
Author

Satendra Mishra

संवाददाता एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, प्रशासन और सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है। वे जमीनी स्तर की खबरों को निष्पक्ष और तथ्यात्मक रूप में पाठकों तक पहुँचाने पर विश्वास रखते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य विश्वसनीय जानकारी के साथ जनहित से जुड़े विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।