Follow Us:

चौगान किला एवं आश्रम की भूमि पर कब्जे का आरोप, डोंगरगांव पुलिस को सौंपा ज्ञापन आश्रम के सेवादारों से मारपीट और धमकी देने का आरोप,

1000746979

चौगान किला एवं आश्रम की भूमि पर कब्जे का आरोप, डोंगरगांव पुलिस को सौंपा ज्ञापन

आश्रम के सेवादारों से मारपीट और धमकी देने का आरोप, कार्रवाई की मांग

गाडरवारा/डोंगरगांव। ग्राम प्रेमपुर स्थित चौगान किला एवं आश्रम से जुड़ी भूमि को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। चौगान किला मंदिर से जुड़े भागवत प्रसाद पिता हर नारायण प्रसाद ठाकुर (गौंड) ने डोंगरगांव पुलिस को लिखित शिकायत सौंपकर हीरालाल पिता हल्के भैया कौरव निवासी प्रेमपुर पर आश्रम की भूमि पर जबरन कब्जा करने, सेवादारों के साथ मारपीट करने तथा धार्मिक गतिविधियों में बाधा उत्पन्न करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

शिकायतकर्ता भागवत प्रसाद ने बताया कि वह बचपन से चौगान किला मंदिर एवं आश्रम परिसर में निवास करते आ रहे हैं। उनके अनुसार प्रेमपुर से चौगान मार्ग पर स्थित भूमि उनके नाम दर्ज है, जिसका उपयोग वर्षों से धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों के लिए किया जाता रहा है। उन्होंने बताया कि भूमि से प्राप्त होने वाली आय का उपयोग गौ सेवा, यज्ञ, धार्मिक अनुष्ठान और आश्रम की व्यवस्थाओं में किया जाता है।

भागवत प्रसाद का आरोप है कि लगभग दो वर्ष पूर्व आपसी सहमति से हीरालाल कौरव को उक्त भूमि खेती के लिए सिकमी पर दी गई थी। यह व्यवस्था केवल मौखिक सहमति के आधार पर थी और इसके संबंध में कोई लिखित दस्तावेज या स्टांप तैयार नहीं किया गया था। निर्धारित अवधि पूर्ण होने के बाद जब आश्रम प्रबंधन ने भूमि वापस लेने और वहां गौशाला एवं आश्रम के लिए चारा उत्पादन करने का निर्णय लिया, तब संबंधित व्यक्ति ने भूमि खाली करने से इंकार कर दिया।

शिकायत में कहा गया है कि आश्रम की आवश्यकताओं के लिए जब ट्रैक्टर और मजदूर भूमि पर कार्य करने पहुंचते हैं, तब विरोध किया जाता है। आरोप है कि महिलाओं को आगे कर कार्य रुकवाने का प्रयास किया जाता है तथा ट्रैक्टर चालकों और सेवादारों को धमकाया जाता है। इतना ही नहीं, विरोध करने पर मारपीट जैसी घटनाएं भी सामने आई हैं, जिससे आश्रम से जुड़े लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है।

शिकायतकर्ता ने पुलिस से मांग की है कि भूमि पर कथित अवैध कब्जे की जांच कर उसे मुक्त कराया जाए तथा आश्रम के सेवादारों के साथ हुई कथित मारपीट और धमकी के मामले में दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।

img
Author

Satendra Mishra

संवाददाता एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, प्रशासन और सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है। वे जमीनी स्तर की खबरों को निष्पक्ष और तथ्यात्मक रूप में पाठकों तक पहुँचाने पर विश्वास रखते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य विश्वसनीय जानकारी के साथ जनहित से जुड़े विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।