Follow Us:

पीएमश्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिपरिया कला में हर्षोल्लास से मनाया गया शिक्षक दिवस छात्र-छात्राओं ने एक दिन के लिए शिक्षक बनकर निभाई जिम्मेदारी, गुरुजनों का किया सम्मान

1000097088

पीएमश्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिपरिया कला में हर्षोल्लास से मनाया गया शिक्षक दिवस

छात्र-छात्राओं ने एक दिन के लिए शिक्षक बनकर निभाई जिम्मेदारी, गुरुजनों का किया सम्मान

गाडरवारा। स्थानीय पीएमश्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिपरिया कला में शनिवार को शिक्षक दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की। वहीं वरिष्ठ छात्र-छात्राओं ने एक दिन के लिए शिक्षक की जिम्मेदारी निभाकर अध्यापन कार्य का अनुभव भी प्राप्त किया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के शिक्षकों द्वारा मां सरस्वती एवं देश के पूर्व राष्ट्रपति सर्वपल्ली डॉ. राधाकृष्णन के चित्र पर पूजन-अर्चन एवं माल्यार्पण कर किया गया। इसके उपरांत विद्यार्थियों द्वारा गुरुजनों का पुष्पमालाओं एवं पुष्प भेंट कर स्वागत-सत्कार किया गया।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने भाषण, स्वागत गीत, शिक्षकों पर आधारित गीत तथा विभिन्न सांस्कृतिक एवं धार्मिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित शिक्षकों एवं अन्य विद्यार्थियों का मन मोह लिया। इस अवसर पर एक दिवस के लिए शिक्षकों की जिम्मेदारी निभाने वाले वरिष्ठ विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के व्यक्तित्व, मार्गदर्शन एवं योगदान पर विचार व्यक्त करते हुए उनकी प्रशंसा की। विद्यार्थियों ने कहा कि शिक्षक केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि जीवन में सही दिशा दिखाकर सफलता की राह पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। विद्यालय के शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें जीवन में निरंतर मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि वे गुरुजनों के मार्गदर्शन पर चलते हुए जीवन में अच्छे आयाम स्थापित करें तथा अपने विद्यालय, माता-पिता एवं गुरुजनों का नाम रोशन करें।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने शिक्षकों का सम्मान करते हुए उन्हें उपहार भेंट किए। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सफलता ही उनके गुरुजनों के लिए सबसे बड़ा सम्मान और उपहार है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से बेहतर पढ़ाई कर उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करने का आह्वान किया।

प्राचार्य ने आगामी 7 सितंबर 2026 से प्रारंभ होने वाली त्रैमासिक परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों को मेहनत एवं लगन से तैयारी करने की शुभकामनाएं दीं और अच्छे परिणाम के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। शिक्षक दिवस का यह आयोजन विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच आत्मीयता, सम्मान एवं गुरु-शिष्य परंपरा की भावना को और मजबूत करने वाला रहा।कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

img
Author

Satendra Mishra

संवाददाता एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, प्रशासन और सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है। वे जमीनी स्तर की खबरों को निष्पक्ष और तथ्यात्मक रूप में पाठकों तक पहुँचाने पर विश्वास रखते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य विश्वसनीय जानकारी के साथ जनहित से जुड़े विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।