नरसिंहपुर में सनसनीखेज दोहरा हत्याकांड का खुलासा: बहन-जीजा की हत्या का मास्टरमाइंड निकला सगा भाई, 6 आरोपी गिरफ्तार

1000590325

नरसिंहपुर में सनसनीखेज दोहरा हत्याकांड का खुलासा: बहन-जीजा की हत्या का मास्टरमाइंड निकला सगा भाई, 6 आरोपी गिरफ्तार,

नरसिंहपुर जिले के साईंखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम बम्होरी में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का नरसिंहपुर पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा कर दिया। इस मामले में मृतका का सगा भाई ही मुख्य आरोपी निकला, जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर बहन और जीजा की धारदार हथियार से हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है

जानकारी के अनुसार 9 मार्च 2026 की सुबह एक बच्ची ने गांव में एक शव पड़ा हुआ देखा, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना अन्य अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ एफएसएल, फिंगर प्रिंट और डॉग स्क्वाड की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और बारीकी से जांच शुरू की गई

प्रारंभिक जांच में मृतक छुटई चौधरी और उनकी पत्नी श्रीमती केरा बाई की हत्या लूट की नीयत से की गई प्रतीत हुई। पुलिस ने मृतकों के परिजनों, पड़ोसियों और परिचितों से पूछताछ कर संदेहियों की सूची तैयार की और उनकी गतिविधियों की जांच शुरू की

जांच के दौरान पुलिस डॉग “मास” ने अहम सुराग दिया। सर्चिंग के दौरान डॉग बार-बार एक ही स्थान पर जाकर रुक रहा था, जो मृतका के भाई हल्के चौधरी के घर के पास था। संदेह के आधार पर पुलिस ने वहां तलाशी ली, जहां आंगन में खून से सने अधजले कपड़े मिले। इन्हें जब्त कर जांच आगे बढ़ाई गई

जांच में पता चला कि हल्के चौधरी अपने साथियों के साथ कटनी जिले की ओर भाग गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कटनी के स्लीमनाबाद थाना पुलिस की मदद से हल्के चौधरी, गुड्डू उर्फ कालीराम चौधरी और उसकी पत्नी रीना को हिरासत में ले लिया

पूछताछ में मुख्य आरोपी हल्के चौधरी ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपने जीजा छुटई चौधरी और बहन केरा बाई की हत्या करना कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसके बेटे की शादी के लिए उसने बहन और जीजा से पैसे और जेवरात मांगे थे, लेकिन मना करने पर विवाद बढ़ गया। इसी बात से नाराज होकर उसने साथियों के साथ मिलकर दोनों की हत्या कर दी

पुलिस ने इस मामले में हल्के भैया चौधरी, धर्मेंद्र चौधरी, इलायची बाई चौधरी, गुड्डू उर्फ कालीराम चौधरी, रीना चौधरी (सभी निवासी ग्राम बम्होरी, थाना साईंखेड़ा) और बड्डू उर्फ भुवन चौधरी (निवासी ग्राम सूखाखैरी, थाना चीचली) को गिरफ्तार किया है

आरोपियों के पास से चांदी के जेवरात, पायल, मंगलसूत्र, चेन, अंगूठी सहित हत्या में प्रयुक्त चाकू और हसिया बरामद किए गए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है

इस पूरे मामले के खुलासे में थाना प्रभारी साईंखेड़ा निरीक्षक रोहित काकोडिया, थाना प्रभारी गाडरवारा निरीक्षक अशोक सिंह चौहान सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही

 

img
Author

Satendra Mishra

संवाददाता एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, प्रशासन और सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है। वे जमीनी स्तर की खबरों को निष्पक्ष और तथ्यात्मक रूप में पाठकों तक पहुँचाने पर विश्वास रखते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य विश्वसनीय जानकारी के साथ जनहित से जुड़े विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।