गाडरवारा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 24 घंटे के भीतर अंधा कत्ल कांड का खुलासा,
- bySatendra Mishra
- 17 Aug 2026, 07:51 AM
- 7 Mins
गाडरवारा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 24 घंटे के भीतर अंधा कत्ल कांड का खुलासा,
नरसिंहपुर/गाडरवारा, 16 अगस्त 2026 — थाना डोंगरगांव क्षेत्र के अंतर्गत चोरवरहटा मार्ग पर मिले युवक के शव के मामले का गाडरवारा अनुविभाग पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए मुख्य आरोपी और एक विधि का उल्लंघन करने वाले बालक को अपनी हिरासत में ले लिया है। हत्या की यह सनसनीखेज वारदात प्रेम प्रसंग और पारिवारिक विवाद के चलते अंजाम दी गई थी।
खेत और मार्ग पर मिला था शव
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 अगस्त 2026 को थाना डोंगरगांव पुलिस को सूचना मिली थी कि चोरवरहटा मार्ग पर एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा।
बारीकी से किए गए निरीक्षण में मृतक के पेट पर धारदार हथियार (चाकू) से किए गए गहरे वार के निशान पाए गए। मामला प्रथम दृष्टया हत्या का प्रतीत होने पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर त्वरित विवेचना शुरू कर दी थी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित हुईं 3 विशेष टीमें
अंधी हत्या के इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी गाडरवारा ललित डागुर के नेतृत्व में तीन विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।
विशेष टीमों ने वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाते हुए घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट, डॉग स्क्वाड की मदद लेने के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्य और डिजिटल सबूत जुटाए गए। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आसपास के संदिग्धों से पूछताछ की गई।
प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
पुलिस की तकनीकी जांच और पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। सामने आया कि मृतक की पत्नी के उसके ही जीजा वीरेन्द्र के साथ प्रेम संबंध थे। करीब सात महीने पहले मृतक की पत्नी वीरेन्द्र के साथ चली गई थी, लेकिन बाद में बच्चों के भविष्य और खातिर वह वापस अपने पति के घर लौट आई थी।
पत्नी के वापस पति के पास लौट आने से आरोपी वीरेन्द्र बेहद नाराज था और इसी रंजिश के चलते उसने इस खौफनाक वारदात की योजना बनाई।
पुलिस हिरासत में कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी वीरेन्द्र ने एक विधि के उल्लंघनकर्ता बालक के साथ मिलकर चाकू गोदकर हत्या करने की बात कबूल कर ली है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर आगे की वैधानिक कार्रवाई तेज कर दी है।
सराहनीय भूमिका निभाने वाली पुलिस टीम
इस अंधे कत्ल के खुलासे और आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी में निम्नलिखित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही:
- निरीक्षक अनिल अजमेरिया (थाना प्रभारी डोंगरगांव)
- निरीक्षक अशोक सिंह चौहान (थाना प्रभारी गाडरवारा)
- उनि बबीता पहाड़े एवं उनि अमित गोटिया
- सउनि राजेश तिवारी
- प्रधान आरक्षक: आरिफ खान, रामगोपाल राजपूत, परमानंद
- आरक्षक: रंजीत सिंह, सोबरन ठाकुर, मोनिका दुबे, पुष्पराज बागरी, सोनू सतारे, प्रतीक, रूपेश चौबे, दिनेश पटेल, महेन्द्र वावरिया, विश्वजीत ठाकुर, अक्षय श्रीवास्तव एवं वदेश्वरी
Satendra Mishra
संवाददाता एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, प्रशासन और सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है। वे जमीनी स्तर की खबरों को निष्पक्ष और तथ्यात्मक रूप में पाठकों तक पहुँचाने पर विश्वास रखते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य विश्वसनीय जानकारी के साथ जनहित से जुड़े विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।
Latest News
शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय नरसिंहपुर में विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर आयोजित
- 25 August, 2026
- 5 Mins
