चिया सीड से चमकी किस्मत: 13 एकड़ में उगी सफलता की फसल जिले के कृषक श्री भैयालाल पटेल ने दिखाई राह

1000571105

चिया सीड से चमकी किस्मत: 13 एकड़ में उगी सफलता की फसल

जिले के कृषक श्री भैयालाल पटेल ने दिखाई राह f

परंपरागत खेती से आगे बढ़ते हुए जिले के नरसिंहपुर तहसील के ग्राम धुबघट के प्रगतिशील कृषक श्री भैयालाल पटेल ने अपनी 13 एकड़ कृषि क्षेत्र की भूमि में सुपरफूड चिया सीड की खेती कर कृषि नवाचार की नई दिशा प्रस्तुत की है। कम लागत, कम पानी और अधिक लाभ देने वाली इस फसल ने जिले के किसानों के लिए संभावनाओं के नए द्वार खोल दिए हैं।

      उपसंचालक कृषि श्री मोरिस नाथ, परियोजना संचालक आत्मा श्री आरपी झारिया एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक तथा प्रमुख कृषि विज्ञान केंद्र नरसिंहपुर डॉ. विशाल मेश्राम ने खेत का भ्रमण कर फसल की स्थिति का निरीक्षण किया तथा उत्पादन बढ़ाने के लिए आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन एवं सामयिक सलाह दी। अधिकारियों ने कृषक के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे जिले के अन्य किसानों के लिए प्रेरणादायी बताया।

       कृषक श्री पटेल ने बताया कि चिया सीड की फसल लगभग 100 से 120 दिनों में तैयार हो जाती है। इसकी बुवाई माह अक्टूबर-नवंबर (रबी सीजन) में की जाती है तथा प्रति एकड़ लगभग 2.5 किलोग्राम बीज की आवश्यकता होती है। यह फसल कम उर्वरक एवं सीमित सिंचाई में तैयार हो जाती है और पशुओं से भी सुरक्षित रहती है। प्रति एकड़ 4 से 6 क्विंटल तक उत्पादन प्राप्त होता है। वर्तमान में इसका थोक बाजार मूल्य 21 से 23 हजार रुपये प्रति क्विंटल तक है, जिससे प्रति एकड़ एक लाख रुपये से अधिक की आय संभावित है।

       चिया सीड को चिकित्सकीय दृष्टि से “सुपरफूड” माना जाता है। इसमें ओमेगा- 3 फैटी एसिड, फाइबर, प्रोटीन, कैल्शियम एवं एंटीऑक्सीडेंट प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं, जो हृदय स्वास्थ्य, पाचन तंत्र, वजन नियंत्रण एवं ब्लड शुगर प्रबंधन में सहायक हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी मांग निरंतर बढ़ रही है। इसका प्रमुख विपणन क्षेत्र नीमच, जबलपुर एवं राजस्थान है।

       कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले में इस प्रकार के नवाचार को बढ़ावा दिया जाए तथा अन्य किसानों को फील्ड भ्रमण के माध्यम से चिया सीड की खेती के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि उनकी आय में वृद्धि हो और कृषि को अधिक लाभकारी बनाया जा सके।

 

img
Author

Satendra Mishra

संवाददाता एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, प्रशासन और सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है। वे जमीनी स्तर की खबरों को निष्पक्ष और तथ्यात्मक रूप में पाठकों तक पहुँचाने पर विश्वास रखते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य विश्वसनीय जानकारी के साथ जनहित से जुड़े विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।