Follow Us:

पंद्रह दिवसीय श्री शिव कथा एवं श्री रुद्राभिषेक अनुष्ठान का समापन आज भक्ति के मार्ग मे अहंकार सबसे बड़ी बाधा : स्वामी नारायणानंद तार्थ महाराज

1000722155

पंद्रह दिवसीय श्री शिव कथा एवं श्री रुद्राभिषेक अनुष्ठान का समापन आज 

भक्ति के मार्ग मे अहंकार सबसे बड़ी बाधा : स्वामी नारायणानंद तार्थ महाराज 

गाडरवारा। क्षेत्र के चाँवरपाठा ब्लॉक अंतर्गत ​ब्रह्मलीन तपोनिष्ठ संत श्री रामदास जी महाराज की तपोभूमि माँ नर्मदा उत्तर तट पदम् घाट में पावन पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर पंद्रह दिवसीय श्री शिव कथा एवं श्री रुद्राभिषेक अनुष्ठान का समापन आज 9 जून मंगलवार को अनंत श्री विभूषित श्री श्री काशी धर्म पीठाधीश्वर जगत गुरु शंकराचार्य स्वामी नारायणानंद तीर्थ जी महाराज के पावन सानिध्य में किया जायेगा। विदित हो कि इस आयोजन में प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रुद्राभिषेक अनुष्ठान, 8 बजे से आरती पूजन, 3 बजे से सत्संग प्रवचन एवं शाम 7 बजे से संध्याकालीन आरती आदि धार्मिक आयोजन हो रहे है । शनिवार और रविवार को सत्संग कार्यक्रम में स्वामी नारायणानंद तीर्थ जी महाराज ने कहा कि  भगवान शिव ही सर्वाज्ञ और सृष्टि के मूल आधार हैं। ब्रह्मा, विष्णु और इंद्र सहित सभी देवी-देवता शिव जी की ही आराधना करते हैं। भगवान शिव की प्राप्ति का सबसे सरल और श्रेष्ठ माध्यम निश्छल भक्ति है। वे 'आशुतोष' हैं, जो अपने भक्तों पर बहुत ही शीघ्र प्रसन्न हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि एक बार ब्रह्मा जी और विष्णु जी के बीच श्रेष्ठता को लेकर हुए विवाद हुआ।  जब दोनों में 'मैं श्रेष्ठ हूँ' का अहंकार जागा, तब भगवान शिव उनके इस प्रपंच को शांत करने के लिए दिव्य ज्योतिर्लिंग के रूप में प्रकट हुए,जो यह सिखाता है कि भक्ति के मार्ग में अहंकार सबसे बड़ी बाधा है। कथा मे उन्होंने आगे कहा कि शिव जी की कृपा के बिना न तो शक्ति मिलती है ही न सच्चा ज्ञान । जो व्यक्ति शिव तत्व को नहीं जानता, वही निंदा और संशय में पड़ता है।माता सती द्वारा देह त्यागने के प्रसंग पर प्रकाश डालते हुए उन्होने कहा कि सती जी ने अंत काल में सारा क्रोध और बैर छोड़ दिया था। मनुष्य को भी मृत्यु से पहले अपने भीतर की वासना, बैर और गुस्से का त्याग कर देना चाहिए।​उन्होंने "बड़े भाग्य मानुष तन पावा..." चौपाई के माध्यम से कहा कि यह मानव शरीर मोक्ष का साधन है इसलिए इसका सदुपयोग करके परलोक सुधारना चाहिए। यहाँ उल्लेखनीय है कि  रविवार को शिवकथा मे प्रदेश के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदयप्रताप सिंह एवं शनिवार को सांसद दर्शन सिँह चौधरी ने भी शामिल होकर स्वामी नारायणानंद तीर्थ जी से आशीर्वाद लिया। कथा मे अनेक क्षेत्रीय श्रद्धालु शामिल होकर धर्मलाभ ले रहे है 

 

img
Author

Satendra Mishra

संवाददाता एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, प्रशासन और सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है। वे जमीनी स्तर की खबरों को निष्पक्ष और तथ्यात्मक रूप में पाठकों तक पहुँचाने पर विश्वास रखते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य विश्वसनीय जानकारी के साथ जनहित से जुड़े विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।