हिंदू नववर्ष व चैत्र नवरात्रि का शुभारंभ: मां खेरापति माता मंदिर कौड़ियां में उमड़ा आस्था का जनसैलाब
- bySatendra Mishra
- 19 Mar 2026, 06:23 PM
- 7 Mins
हिंदू नववर्ष व चैत्र नवरात्रि का शुभारंभ: मां खेरापति माता मंदिर कौड़ियां में उमड़ा आस्था का जनसैलाब
कौड़ियां। हिंदू नववर्ष और चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर नरसिंहपुर जिले की तहसील गाडरवारा अंतर्गत ग्राम पंचायत कौड़ियां में प्रसिद्ध मां खेरापति माता मंदिर में श्रद्धालुओं की अपार भीड़ उमड़ पड़ी। आस्था का ऐसा अद्भुत नजारा देखने को मिला, जहां सुबह 4 बजे से ही भक्तजन मंदिर पहुंचने लगे। माता के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।प्रातःकालीन बेला में माता-बहनों सहित सैकड़ों श्रद्धालु नंगे पैर, हाथों में पूजन सामग्री लेकर माता के दरबार पहुंचे और श्रद्धा के साथ जल अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में दिनभर भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं।
*851 जवारे कलश स्थापना, पूरे नौ दिन होंगे भव्य अनुष्ठान*
प्रति वर्ष की अनुसार इस वर्ष भी चैत्र नवरात्रि के दौरान मां खेरापति माता मंदिर में 851 जवारे कलशों की स्थापना की जाएगी, जिसे लेकर भक्तों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। परंपरा के अनुसार जवारे बोना माता दुर्गा की आराधना का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसे सुख-समृद्धि व खुशहाली का प्रतीक माना जाता है। कलश स्थापना के लिए श्रद्धालु पहले से रसीद कटवाकर अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर रहे हैं, वहीं गांव के लोग सामूहिक रूप से भी जवारे बोने की तैयारी में जुटे हैं।
21 मार्च से श्रीमद् भागवत कथा, कलश यात्रा से होगा शुभारंभ
चैत्र नवरात्रि पर्व के अवसर पर धार्मिक आयोजनों की भव्य श्रृंखला के तहत 21 मार्च को दोपहर 3 बजे श्रद्धा और उल्लास के साथ विशाल कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर नगर में धर्ममय वातावरण का निर्माण करेंगे, इसके पश्चात उसी दिन रात्रि 8 बजे से सुप्रसिद्ध व्यास किशोरी मांडवी देवी के श्रीमुख से संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ होगा, जिसमें भक्तजन भक्ति रस में सराबोर होकर कथा का श्रवण करेंगे, यह पावन कथा आयोजन 21 मार्च से 28 मार्च तक निरंतर प्रतिदिन आयोजित किया जाएगा, जिसमें दूर-दूर से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है और पूरा क्षेत्र भक्ति एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत रहेगा।
*नौ दिनों तक माता के नौ स्वरूपों की होगी आराधना*
चैत्र नवरात्रि के पावन नौ दिनों के दौरान माता दुर्गा के नौ स्वरूपों की विधि-विधान से श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की जाएगी, जिसमें प्रत्येक दिन मां के अलग-अलग रूपों का विशेष पूजन कर भक्त उनकी कृपा प्राप्त करेंगे, मंदिर परिसर में प्रातः कालीन आरती से लेकर देर रात तक धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला निरंतर जारी रहेगा, जहां भजन-कीर्तन, दुर्गा पाठ, हवन-पूजन और आरती के माध्यम से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहेगा, वहीं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर माता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे और पूरे नौ दिनों तक मंदिर आस्था, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बना रहेगा।
*मंदिर में सजावट, भक्तों से धर्मलाभ लेने की अपील*
नवरात्रि को लेकर मंदिर परिसर में रंग-रोगन और आकर्षक साज-सज्जा की गई है। विभिन्न समितियां व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी हैं। समिति द्वारा सभी श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्मलाभ अर्जित करें और इस पावन पर्व का हिस्सा बनें। मां खेरापति माता मंदिर की ख्याति दूर-दूर तक फैली हुई है। नवरात्रि के अवसर पर जिले ही नहीं बल्कि अन्य क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन करने पहुंचे हैं। भक्तजन अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए माता के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।
Satendra Mishra
संवाददाता एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, प्रशासन और सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है। वे जमीनी स्तर की खबरों को निष्पक्ष और तथ्यात्मक रूप में पाठकों तक पहुँचाने पर विश्वास रखते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य विश्वसनीय जानकारी के साथ जनहित से जुड़े विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।
Latest News
चैत्र नवरात्रि पूजा में क्या करना चाहिए पंडित निखिल स्थापक शास्त्री जी के अनुसार
- 18 March, 2026
- 7 Mins
