Follow Us:

नरसिंगपुर स्वामित्व योजना से ग्रामीणों को मिला संपत्ति का वैधानिक अधिकार, मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने हितग्राहियों को सौंपी रजिस्ट्रियां

1000221588

स्वामित्व योजना से ग्रामीणों को मिला संपत्ति का वैधानिक अधिकार, मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने हितग्राहियों को सौंपी रजिस्ट्रियां
नरसिंहपुर। धनतेरस के अवसर पर जिले के ग्राम सुपला में स्वामित्व योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश शासन के मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने हितग्राहियों को उनकी आबादी भूमि एवं आवासीय संपत्ति के पंजीकृत दस्तावेज (रजिस्ट्री) प्रदान किए।
इस अवसर पर मंत्री श्री पटेल ने कहा कि स्वामित्व योजना ग्रामीण परिवारों को उनकी संपत्ति का वैधानिक अधिकार दिलाने की महत्वपूर्ण पहल है। अब ग्रामीण अपनी संपत्ति के दस्तावेजों के माध्यम से बैंक ऋण सहित विभिन्न आर्थिक एवं कानूनी सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। यह दस्तावेज आने वाली पीढ़ियों के लिए भी महत्वपूर्ण आधार साबित होंगे।
सुपला के 166 प्रकरणों में से 132 रजिस्ट्रियां पूर्ण
मंत्री श्री पटेल ने ग्राम सुपला में योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए शेष 34 लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। इनमें 7 फौती नामांतरण, 10 भूमि विवाद और 17 तकनीकी समस्याओं से जुड़े प्रकरण शामिल हैं। उन्होंने सुपला को मॉडल बनाकर लंबित मामलों के समाधान पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि भूमि संबंधी पारिवारिक विवादों को आपसी बातचीत, समझाइश और सहमति से सुलझाया जाना चाहिए, ताकि परिवारों के बीच सद्भाव बना रहे और पात्र लोगों को उनका अधिकार मिल सके।
नरसिंहपुर जिला प्रदेश के शीर्ष 10 जिलों में शामिल
कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में स्वामित्व योजना के अंतर्गत लगभग 1 लाख 12 हजार रजिस्ट्रियां प्रस्तावित हैं। पिछले लगभग 25 दिनों में राजस्व विभाग एवं पंचायत अमले के समन्वित प्रयासों से करीब 54 हजार रजिस्ट्रियां पूरी की जा चुकी हैं। इस उपलब्धि के साथ नरसिंहपुर जिला प्रदेश के शीर्ष 10 जिलों में शामिल हो गया है।
कलेक्टर ने बताया कि जिला प्रशासन का लक्ष्य आगामी 15 दिनों में सभी निर्विवाद एवं रजिस्ट्री योग्य प्रकरणों का निराकरण करना है, जिससे अधिक से अधिक पात्र ग्रामीण परिवारों को योजना का लाभ मिल सके।
इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम में पूर्व राज्यमंत्री श्री जालम सिंह पटेल, श्री रामसनेही पाठक, महंत प्रीतमपुरी गोस्वामी, कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा, जिला पंचायत सीईओ श्री गजेन्द्र सिंह नागेश सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
स्वामित्व योजना के माध्यम से ग्रामीणों को संपत्ति का कानूनी दस्तावेज मिलने से उनकी आर्थिक सुरक्षा और संपत्ति संबंधी अधिकारों को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
खबर 24 लाइव टीवी | नरसिंहपुर
#Narsinghpur #SwamitvaYojana #PrahladSinghPatel #MadhyaPradesh 

img
Author

Satendra Mishra

संवाददाता एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, प्रशासन और सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है। वे जमीनी स्तर की खबरों को निष्पक्ष और तथ्यात्मक रूप में पाठकों तक पहुँचाने पर विश्वास रखते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य विश्वसनीय जानकारी के साथ जनहित से जुड़े विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।