Follow Us:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को असम के गोगामुख में एक चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पिछले 10 सालों में भाजपा सरकार के अंतर्गत असम में हुए विकास कार्यों की सराहना की।

1000616121

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को असम के गोगामुख में एक चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पिछले 10 सालों में भाजपा सरकार के अंतर्गत असम में हुए विकास कार्यों की सराहना की। पीएम मोदी ने कहा कि जनता के आशीर्वाद से भाजपा इस बार जीत की हैट्रिक लगाएगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "भाजपा के 10 साल के शासन ने असम में 'सेवा' और 'सुशासन' के एक नए दौर की शुरुआत की है। पिछले 10 सालों में असम में 22 लाख से ज्यादा गरीब परिवारों को पक्के घर दिए गए हैं। भाजपा समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करेगी और असम की पहचान की रक्षा के लिए आदिवासियों के हितों की सुरक्षा करेगी। सुबनसिरी जलविद्युत परियोजना असम को बाढ़ से बचाएगी।"

पीएम नरेंद्र मोदी ने आगे कहा, "हर कोई कह रहा है कि असम में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर सिर्फ भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए ही बना सकता है। असम के चुनाव की घोषणा के बाद ये मेरी पहली जनसभा है। ये जो सामने जनसमुद्र है, युवाओं का ये उत्साह, बहनों-बेटियों का ये आशीर्वाद, ये प्यार इस बात की खुली घोषणा है कि इस बार हैट्रिक पक्की है।"

उन्होंने कहा, "आप सबके आशीर्वाद से मुझे प्रधानमंत्री के रूप में हैट्रिक बनाने का अवसर मिला। आप सबके आशीर्वाद से इस मैदान में भी हैट्रिक लगाने का अवसर मिला है, मैं यहां तीसरी बार आया हूं। और आपके आशीर्वाद से असम में सरकार भी हैट्रिक बनाने वाली है।"

इस दौरान प्रधानमंत्री ने कांग्रेस और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर भी हमला किया। उन्होंने कहा, “पहले सर्वानंद सोनोवाल का नेतृत्व और फिर हिमंता बिस्वा सरमा की अगुवाई में असम ने बीते 10 वर्षों में सेवा और सुशासन का नया दौर देखा है। असम के ये चुनाव विकसित असम से विकसित भारत बनाने का चुनाव है। इस बार भाजपा-एनडीए सरकार की हैट्रिक लगनी तय है और कांग्रेस की पराजय की हैट्रिक भी तय है। कांग्रेस के स्वघोषित राजकुमार की पराजय की सेंचुरी लगने वाली है।”

img
Author

Satendra Mishra

संवाददाता एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, प्रशासन और सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है। वे जमीनी स्तर की खबरों को निष्पक्ष और तथ्यात्मक रूप में पाठकों तक पहुँचाने पर विश्वास रखते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य विश्वसनीय जानकारी के साथ जनहित से जुड़े विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।