Follow Us:

पीएम श्री स्कूल बोहानी के कृषि छात्रों ने संजय निकुंज नर्सरी में सीखा उन्नत खेती का हुनर 20 दिवसीय ओजेटी प्रशिक्षण संपन्न, आधुनिक कृषि तकनीकों का मिला व्यावहारिक अनुभव

1000690177

पीएम श्री स्कूल बोहानी के कृषि छात्रों ने संजय निकुंज नर्सरी में सीखा उन्नत खेती का हुनर

20 दिवसीय ओजेटी प्रशिक्षण संपन्न, आधुनिक कृषि तकनीकों का मिला व्यावहारिक अनुभव

बोहानी। पीएम श्री शासकीय राघव कृषि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बोहानी के कृषि ट्रेड के छात्र-छात्राओं ने आधुनिक कृषि तकनीकों और व्यावहारिक खेती के गुर सीखने के उद्देश्य से शासकीय संजय निकुंज नर्सरी फार्म में आयोजित 20 दिवसीय ‘ऑन जॉब ट्रेनिंग’ (OJT) कार्यक्रम को सफलतापूर्वक पूर्ण किया। यह प्रशिक्षण 1 मई से 20 मई तक संचालित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने खेत और नर्सरी में सीधे कार्य कर कृषि के आधुनिक स्वरूप को करीब से समझा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित न रखकर उन्हें कृषि के वास्तविक कार्यक्षेत्र से जोड़ना था। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने नर्सरी प्रबंधन, पौध तैयार करने की विधि, ग्राफ्टिंग (कलम बांधना), पौधों की कतरन, जैविक खाद निर्माण, पौध सुरक्षा और उन्नत खेती की तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में स्वयं कार्य करते हुए खेती की बारीकियों को समझा।

विद्यालय के व्यावसायिक शिक्षक एवं कार्यक्रम संयोजक श्री परख शर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य बच्चों को कृषि के आधुनिक स्वरूप और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना था। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण छात्रों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें भविष्य में कृषि उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।

प्रशिक्षण अवधि के दौरान एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन भी किया गया, जिसमें क्षेत्र के कई वरिष्ठ कृषि विशेषज्ञों, शिक्षाविदों और प्रशासनिक अधिकारियों ने सहभागिता की। संगोष्ठी में उपस्थित वक्ताओं ने विद्यार्थियों को पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर आधुनिक तकनीकों को अपनाने, जैविक खेती को बढ़ावा देने और कृषि आधारित स्वरोजगार के अवसरों को समझने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम में संजय निकुंज नर्सरी प्रभारी श्रीमती नम्रता रघुवंशी, जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य अरुण तिवारी, कृषि व्याख्याता पी.सी. शर्मा, अजय शर्मा, संजीव पालीवाल, खुशी डेरी फ्रूट्स के संचालक पुनीत कुमार त्यागी, विदुषी कौरव, अलोक शर्मा सहित नर्सरी के कर्मचारी मनोहर वर्मा, मुकेश कहार और शिवराम ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।

प्रशिक्षण के समापन अवसर पर विद्यालय परिवार एवं कार्यक्रम संयोजक श्री परख शर्मा ने सभी विशेषज्ञों, अधिकारियों, कर्मचारियों और संजय निकुंज नर्सरी प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के व्यावहारिक प्रशिक्षण विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव साबित होंगे।

img
Author

Satendra Mishra

संवाददाता एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, प्रशासन और सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है। वे जमीनी स्तर की खबरों को निष्पक्ष और तथ्यात्मक रूप में पाठकों तक पहुँचाने पर विश्वास रखते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य विश्वसनीय जानकारी के साथ जनहित से जुड़े विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।