Follow Us:

नरसिंगपुर गाडरवारा में कथित मेडिकल लापरवाही से मौत का मामला गरमाया पीड़ित परिवार ने मुख्य सचिव और स्वास्थ्य विभाग से की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच की मांग

1000687436

गाडरवारा में कथित मेडिकल लापरवाही से मौत का मामला गरमाया

पीड़ित परिवार ने मुख्य सचिव और स्वास्थ्य विभाग से की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच की मांग

गाडरवारा। नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा क्षेत्र से कथित मेडिकल लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें पीड़ित परिवार ने निजी चिकित्सक पर गलत उपचार, ओवर डोज दवाइयां देने और समय पर उचित रेफर न करने के आरोप लगाए हैं। मामले में पीड़ित परिवार ने अब मध्यप्रदेश शासन के मुख्य सचिव एवं स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों को विस्तृत शिकायत भेजकर निष्पक्ष उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम लिलवानी निवासी सत्येंद्र कुमार मिश्रा ने अपनी माता स्वर्गीय प्रभा बाई मिश्रा के उपचार में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। शिकायत में बताया गया कि 12 जुलाई 2025 को सामान्य सर्दी-जुकाम एवं बुखार की शिकायत पर उन्हें गाडरवारा स्थित एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि बिना आवश्यक प्रारंभिक जांच किए भारी मात्रा में इंजेक्शन, आईवी बॉटल और दवाइयां दी गईं, जिसके बाद उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई।

मामले में जिला स्तरीय जांच समिति द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन पर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जांच रिपोर्ट में तथ्यों को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत किया गया तथा संबंधित चिकित्सक को बचाने का प्रयास किया गया। परिवार ने दावा किया कि रिपोर्ट में मरीज को पूर्व से “ग्रेड-5 किडनी रोग” से पीड़ित बताया गया, जबकि ऐसा कोई पूर्व मेडिकल रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है। पीड़ित परिवार ने शासन से मांग की है कि पूरे मामले की जांच किसी स्वतंत्र मेडिकल बोर्ड या राज्य स्तरीय विशेषज्ञ समिति से कराई जाए तथा जांच समिति की भूमिका की भी निष्पक्ष समीक्षा हो। साथ ही दोषी पाए जाने वाले चिकित्सक एवं अधिकारियों पर विभागीय और कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

यह शिकायत मुख्य सचिव मध्यप्रदेश शासन, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग, उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को भेजी गई है। मामले ने क्षेत्र में स्वास्थ्य व्यवस्था की पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

img
Author

Satendra Mishra

संवाददाता एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, प्रशासन और सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है। वे जमीनी स्तर की खबरों को निष्पक्ष और तथ्यात्मक रूप में पाठकों तक पहुँचाने पर विश्वास रखते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य विश्वसनीय जानकारी के साथ जनहित से जुड़े विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।