Follow Us:

गाडरवारा (नरसिंहपुर) मध्य प्रदेश में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज कर दिया है...

1000711585

गाडरवारा (नरसिंहपुर) से बड़ी खबर
मध्य प्रदेश में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज कर दिया है। नरसिंहपुर जिले की गाडरवारा तहसील में भी कर्मचारियों ने 2 जून से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है।
मंगलवार को गाडरवारा स्थित शासकीय सिविल अस्पताल में बड़ी संख्या में संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी एकत्र हुए और प्रभारी अधिकारी डॉ. उपेंद्र वस्तकार को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने शासन से लंबित मांगों पर जल्द निर्णय लेने की मांग की।
कर्मचारियों का कहना है कि वे वर्षों से स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन उन्हें अब तक नियमित कर्मचारियों जैसी सुविधाएं नहीं मिल पाई हैं। उनका आरोप है कि कोविड-19 जैसी आपात परिस्थितियों में भी उन्होंने पूरी निष्ठा से सेवाएं दीं, इसके बावजूद उनकी मांगों की लगातार अनदेखी की जा रही है।
संविदा कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन, एनपीएस और स्वास्थ्य बीमा सुविधा, 10 प्रतिशत वार्षिक वेतनवृद्धि, महंगाई भत्ता और वेतन विसंगतियों का निराकरण शामिल है।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। आंदोलन के अगले चरण में 8 जून को प्रदेशभर के कर्मचारी भोपाल पहुंचकर मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे।
इस हड़ताल का असर स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। विशेष रूप से टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं और ग्रामीण स्वास्थ्य योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं।

img
Author

Satendra Mishra

संवाददाता एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, प्रशासन और सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है। वे जमीनी स्तर की खबरों को निष्पक्ष और तथ्यात्मक रूप में पाठकों तक पहुँचाने पर विश्वास रखते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य विश्वसनीय जानकारी के साथ जनहित से जुड़े विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।