नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा तहसील अंतर्गत ग्राम खेरी और कामती में कथित अवैध मिट्टी उत्खनन का मामला सामने आया है..

1000711576

नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा तहसील अंतर्गत ग्राम खेरी और कामती में कथित अवैध मिट्टी उत्खनन का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने कलेक्टर को शिकायत सौंपते हुए आरोप लगाया है कि शासकीय जलाशय भूमि से बड़े पैमाने पर मिट्टी निकाली गई है, जिससे वर्षों पुराना सार्वजनिक मार्ग भी बाधित हो गया है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

 ग्राम खेरी एवं कामती के ग्रामीणों द्वारा कलेक्टर नरसिंहपुर को दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि राजस्व अभिलेखों में दर्ज शासकीय जलाशय भूमि पर बिना अनुमति जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से बड़े पैमाने पर मिट्टी का उत्खनन किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि उत्खनन के कारण सार्वजनिक मार्ग पर गहरी और लंबी खाई बन गई है, जिससे किसानों और ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो रहा है।

शिकायत में उल्लेख किया गया है कि आजाद ढाबा से ग्राम खेरी तक जाने वाले मार्ग से मिट्टी निकालकर निजी उपयोग में लाई गई है। ग्रामीणों के अनुसार मार्ग पर लगभग 3 से 12 फीट गहरी और करीब 1500 से 2000 फीट लंबी खाई बन जाने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से राजस्व, खनिज और पुलिस विभाग की संयुक्त जांच कराने, उत्खनन में उपयोग किए गए वाहनों की जांच करने तथा शासकीय भूमि को हुए नुकसान का आकलन कर संबंधित लोगों से वसूली करने की मांग की है। साथ ही सार्वजनिक मार्ग को तत्काल बहाल करने और जांच पूरी होने तक उत्खनन व मिट्टी परिवहन पर रोक लगाने की भी मांग की गई है।

फिलहाल ग्रामीणों की शिकायत के बाद प्रशासनिक कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। अब देखना होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है।

 

img
Author

Satendra Mishra

संवाददाता एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, प्रशासन और सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है। वे जमीनी स्तर की खबरों को निष्पक्ष और तथ्यात्मक रूप में पाठकों तक पहुँचाने पर विश्वास रखते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य विश्वसनीय जानकारी के साथ जनहित से जुड़े विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।