Follow Us:

धार -प्रेमी के लिए पति की कार्रवाई सुपारी देकर हत्या

1000627876

धार। मध्य प्रदेश के धार जिले के गोंदीखेड़ा चारण गांव में पत्नी ने प्रेमी के साथ रहने की चाह में एक लाख रुपये की सुपारी देकर पति की हत्या करा दी। सुपारी किलर ने छह अप्रैल को मसाला कारोबारी देवकृष्ण पुरोहित की सोते समय उनके घर में घुसकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस हत्याकांड का राजफाश करते हुए पत्नी को ही मास्टरमाइंड बताया है। बता दें कि इस हत्याकांड ने इंदौर के बहुचर्चित राजा हत्याकांड की याद दिला दी है, जिसमें पत्नी सोनम रघुवंशी ने प्रेमी के साथ मिलकर हनीमून पर ही पति की हत्या कर दी थी।

पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने बताया कि जांच में सामने आया कि पत्नी प्रियंका पुरोहित लंबे समय से इस हत्या की योजना बना रही थी। तीन अप्रैल को ही हत्या होनी थी, लेकिन सुपारी किलर के न पहुंचने से वारदात टल गई। इसके बाद प्रियंका ने वॉट्सएप चैट में प्रेमी कमलेश पुरोहित व सुपारी किलर सुरेंद्र भाटी पर दबाव बनाया। यहां तक कह दिया कि "अगर हत्या नहीं कर सकते तो मेरे रुपये वापस कर दो।" इस पर आरोपितों ने जल्द वारदात को अंजाम देने की बात कही।

लगातार चार दिनों तक प्रियंका घर की स्थिति ऐसी बनाती रही कि सुरेंद्र भाटी (निवासी ग्राम छड़ावद) आसानी से उसके घर में आ सके। दरवाजे, ताले और रास्तों को इस तरह सेट किया गया कि किसी को शक न हो। वारदात वाली रात पति व परिवार को नशीला पदार्थ देने की आशंका भी सामने आई है, जिससे सभी गहरी नींद में सो गए। इसी दौरान रात में सोते समय देवकृष्ण के सिर पर आरोपित सुरेंद्र ने धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी।

जांच में यह भी सामने आया कि प्रियंका का प्रेमी कमलेश पुरोहित वारदात के समय आसपास ही मौजूद था। उसने अपनी लोकेशन इस तरह रखी कि उस पर शक न हो, लेकिन वॉट्सएप चैट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। सुपारी किलर फिलहाल फरार है। प्रियंका और देवकृष्ण की शादी 2015 में हुई थी। प्रियंका तब नाबालिग थी। 2021 से दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था, क्योंकि प्रियंका के प्रेम संबंधों की जानकारी पति और परिवार को लग गई थी। प्रियंका अक्सर बदनावर में रहती थी, लेकिन वारदात से एक सप्ताह पहले ही वह पति के पास लौटी और साजिश को अंजाम तक पहुंचाया।

 

img
Author

Satendra Mishra

संवाददाता एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, प्रशासन और सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है। वे जमीनी स्तर की खबरों को निष्पक्ष और तथ्यात्मक रूप में पाठकों तक पहुँचाने पर विश्वास रखते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य विश्वसनीय जानकारी के साथ जनहित से जुड़े विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।