Follow Us:

भोपाल सेवानिवृत्त जज गिरिबाला सिंह खुद करेंगी पैरवी, बहू की संदिग्ध मौत के मामले में हाई कोर्ट में सुनवाई 25 मई को

1000694007

सेवानिवृत्त जज गिरिबाला सिंह खुद करेंगी पैरवी, बहू की संदिग्ध मौत के मामले में हाई कोर्ट में सुनवाई 25 मई को
भोपाल:
उच्च न्यायिक सेवा से सेवानिवृत्त हो चुकीं पूर्व न्यायाधीश गिरिबाला सिंह एक बार फिर अदालत में नजर आएंगी। इस बार वे किसी पक्षकार की ओर से नहीं, बल्कि खुद अपने बचाव में कोर्ट में बहस करेंगी।
मामला उनकी बहू ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से जुड़ा है। ट्विशा की मौत भोपाल के कटारा हिल्स स्थित उनके निवास में हुई थी। इस मामले में गिरिबाला सिंह को आरोपी बनाया गया है। गिरफ्तारी से बचने के लिए उन्होंने भोपाल की अदालत से उसी दिन अग्रिम जमानत हासिल कर ली थी, जिससे उन्हें अंतरिम राहत मिली थी।
हालांकि, उनकी मुश्किलें अभी कम नहीं हुई हैं। मृतका के पिता नवनिधि शर्मा ने हाई कोर्ट में याचिका दायर कर गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत रद्द करने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि गिरिबाला सिंह ने मामले में साक्ष्यों से छेड़छाड़ की है।
इसी बीच, उनके वकील इनोश जॉर्ज कार्लो ने मीडिया से विवाद के बाद केस से अपना नाम वापस ले लिया है। ऐसे में गिरिबाला सिंह ने किसी अन्य वकील को नियुक्त करने के बजाय खुद ही अदालत में अपना पक्ष रखने का निर्णय लिया है।
हाई कोर्ट ने इस मामले में नोटिस जारी कर गिरिबाला सिंह से जवाब मांगा है कि गंभीर आरोपों को देखते हुए उनकी अग्रिम जमानत क्यों न निरस्त कर दी जाए। मामले की अगली सुनवाई 25 मई को तय की गई है।
यह मामला अब एक दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गया है, जहां एक पूर्व जज खुद अपने बचाव में अदालत के सामने दलीलें पेश करती नजर आएंगी।

img
Author

Satendra Mishra

संवाददाता एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, प्रशासन और सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है। वे जमीनी स्तर की खबरों को निष्पक्ष और तथ्यात्मक रूप में पाठकों तक पहुँचाने पर विश्वास रखते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य विश्वसनीय जानकारी के साथ जनहित से जुड़े विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।