Follow Us:

नरसिगपुर भीषण गर्मी में भी डटे रहे सर्वेयर, किसानों की सुविधा और गुणवत्ता पर रहा पूरा फोकस नरसिंहपुर जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी का कार्य लगातार जारी है।f

1000695700

भीषण गर्मी में भी डटे रहे सर्वेयर, किसानों की सुविधा और गुणवत्ता पर रहा पूरा फोकस

नरसिंहपुर। नरसिंहपुर जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी का कार्य लगातार जारी है। जिले में अब तक 24 हजार 463 किसानों से 17 लाख 86 हजार क्विंटल गेहूं का उपार्जन किया जा चुका है तथा खरीदी प्रक्रिया के तहत किसानों को लगभग 290 करोड़ रुपए का भुगतान भी किया गया है। जिला प्रशासन एवं खाद्य विभाग द्वारा उपार्जन केंद्रों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और शासन के निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुसार खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी एवं व्यवस्थित रूप से संचालित होती रहे।

मध्य प्रदेश स्टेट सिविल सप्लाई कॉरपोरेशन के माध्यम से तैनात आर बी एसोसिएट्स ग्लोबल कनेक्ट प्राइवेट लिमिटेड के सर्वेयरों द्वारा इस वर्ष गेहूं उपार्जन केंद्रों पर गुणवत्ता परीक्षण का कार्य शासन के नियमों एवं निर्धारित मापदंडों के अनुसार गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ किया गया। जिले में इस वर्ष पूर्व वर्षों की तुलना में गेहूं की गुणवत्ता बेहतर देखने को मिली है। इसके पीछे जहां किसानों की बढ़ती जागरूकता रही, वहीं सर्वेयरों की सतर्कता, मेहनत और निरंतर निगरानी को भी महत्वपूर्ण कारण माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार सर्वेयरों ने शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए उपज की गुणवत्ता जांच, सैंपल परीक्षण तथा मानकों के अनुरूप खरीदी सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कई उपार्जन केंद्रों पर किसानों द्वारा लाई गई उपज की साफ-सफाई तक कराई गई, ताकि गुणवत्ता प्रभावित न हो और किसानों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। भीषण गर्मी और विषम परिस्थितियों के बावजूद सर्वेयर लगातार केंद्रों पर डटे रहे तथा समर्थन मूल्य खरीदी व्यवस्था में किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न न हो, इसका विशेष ध्यान रखा गया। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मध्य प्रदेश शासन और जिला प्रशासन भी लगातार सक्रिय एवं सजग बना रहा।

प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने भी उपार्जन केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर किसानों से चर्चा की तथा समर्थन मूल्य पर सुचारु खरीदी का भरोसा दिलाया। किसानों को राहत देने के उद्देश्य से पहले खरीदी अवधि 23 मई तक बढ़ाई गई थी, जिसके बाद पुनः 28 मई 2026 तक अतिरिक्त समय दिया गया। इस अवधि में 23 मई 2026 तक स्लॉट बुक कराने वाले किसानों की उपज खरीदी की जाएगी। उपार्जन कार्य के दौरान कई स्थानों पर अमानक एवं स्कंद उपज खरीदी को लेकर दबाव की स्थिति भी बनी। कुछ मामलों में सर्वेयरों को अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और विवाद जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने संयम बनाए रखते हुए किसानों का सम्मान किया तथा गुणवत्ता परीक्षण की जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाई। उपार्जन व्यवस्था से जुड़े लोगों का कहना है कि यदि गुणवत्ता परीक्षण व्यवस्था मजबूत रहती है तो शासन को बेहतर गुणवत्ता वाला अनाज प्राप्त होता है और पूरी खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनी रहती है।

"" जिला आपूर्ति अधिकारी देवेंद्र खोबड़िया ने बताया कि समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी शासन के निर्धारित नियमों एवं गुणवत्ता मानकों के अनुसार की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन एवं खाद्य विभाग की टीम द्वारा उपार्जन केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। समितियों एवं सर्वेयरों को समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश और समझाइश भी दी जाती है, ताकि खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनी रहे। साथ ही कलेक्टर सहित वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा भी नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों को उपार्जन केंद्रों पर किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह शासन और प्रशासन की प्राथमिकता है तथा इसी उद्देश्य से व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

img
Author

Satendra Mishra

संवाददाता एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, प्रशासन और सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है। वे जमीनी स्तर की खबरों को निष्पक्ष और तथ्यात्मक रूप में पाठकों तक पहुँचाने पर विश्वास रखते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य विश्वसनीय जानकारी के साथ जनहित से जुड़े विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।