Follow Us:

भव्य कलश यात्रा के साथ श्री एकादश कुंडीय रुद्र यज्ञ एवं संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ चौगान में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, संतों के सान्निध्य में शुरू हुआ नौ दिवसीय धार्मिक महोत्सव

1000713028

भव्य कलश यात्रा के साथ श्री एकादश कुंडीय रुद्र यज्ञ एवं संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ

चौगान में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, संतों के सान्निध्य में शुरू हुआ नौ दिवसीय धार्मिक महोत्सव

गाडरवारा। जिले के चौगान स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर प्रांगण में आयोजित श्री एकादश कुंडीय रुद्र यज्ञ, संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा, प्रवचन एवं संत सम्मेलन का शुभारंभ सोमवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। इस अवसर पर क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत-महात्मा एवं धर्मप्रेमीजन शामिल हुए। कलश यात्रा में महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लिया, वहीं भगवान भोलेनाथ एवं श्रीहरि के जयघोषों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। आयोजन समिति द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार यह धार्मिक आयोजन 1 जून से 9 जून 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। शुभारंभ अवसर पर निकाली गई कलश यात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी तथा पुनः यज्ञ स्थल पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए चल रहे थे, जिससे नगर का वातावरण पूरी तरह धर्ममय हो गया।

कार्यक्रम में संतों एवं विद्वानों ने कहा कि धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य समाज में नैतिकता, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना का प्रसार करना है। श्रीमद्भागवत कथा मानव जीवन को सही दिशा प्रदान करने के साथ-साथ सामाजिक समरसता और सद्भाव का संदेश देती है। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में श्रद्धालुओं से कथा एवं यज्ञ में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने का आह्वान किया।आयोजन के अंतर्गत प्रतिदिन संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा, संत प्रवचन, भजन संध्या एवं विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। यज्ञाचार्यों के निर्देशन में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञीय अनुष्ठानों का क्रम प्रारंभ हो गया है। आयोजन समिति ने बताया कि 2 जून को वेद स्थापना, मंडप प्रवेश एवं ब्राह्मण वरण, 3 जून को अग्निमंथन हवन एवं देवपूजन तथा 9 जून को पूर्णाहुति, विदाई एवं कन्या भोज का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक संत-महात्मा, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।

img
Author

Satendra Mishra

संवाददाता एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, प्रशासन और सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है। वे जमीनी स्तर की खबरों को निष्पक्ष और तथ्यात्मक रूप में पाठकों तक पहुँचाने पर विश्वास रखते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य विश्वसनीय जानकारी के साथ जनहित से जुड़े विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।