नरसिंहपुर जिले में भाजपा नेता पवन पटेल के साथ हुई मारपीट के मामले में सियासत तेज हो गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुनीता पटेल सोमवार दोपहर 12 बजे एसपी कार्यालय पहुंचकर धरने पर बैठी

1000623256

नरसिंहपुर जिले में भाजपा नेता पवन पटेल के साथ हुई मारपीट के मामले में सियासत तेज हो गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुनीता पटेल सोमवार दोपहर 12 बजे एसपी कार्यालय पहुंचकर धरने पर बैठ गईं।
बताया जा रहा है कि सुनीता पटेल ने शनिवार को एसपी को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन पुलिस की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने यह कदम उठाया।
धरने के दौरान सुनीता पटेल ने कहा कि गाडरवारा में हुई इस घटना में पवन पटेल को बुरी तरह पीटा गया, लेकिन अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने प्रेस नोट तो जारी किया, लेकिन उनके पत्र का कोई जवाब नहीं दिया गया।
उन्होंने क्षेत्र में अवैध उत्खनन और डंपरों की आवाजाही को भी गंभीर समस्या बताते हुए कहा कि गाडरवारा में लगातार हादसे हो रहे हैं। हाल ही में गांधी गांव में एक ट्रक घर में घुस गया, जिससे एक युवक की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इस संबंध में वह पहले भी दिसंबर में पत्र लिख चुकी हैं और डंपरों के संचालन का समय निर्धारित करने की मांग कर चुकी हैं।
सुनीता पटेल ने स्पष्ट कहा कि जब तक उन्हें लिखित आश्वासन नहीं मिलेगा, वे धरना समाप्त नहीं करेंगी।
वहीं, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि घटना 1 तारीख की दरमियानी रात पलोहा थाना क्षेत्र में हुई थी। पुलिस ने आरोपियों की पहचान लगभग कर ली है और दो-तीन लोगों को राउंडअप भी किया गया है। शेष आरोपियों की भी जल्द गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
उन्होंने बताया कि कुछ आरोपी स्थानीय हैं जबकि कुछ बाहर के हैं। मामले की विस्तृत जानकारी एसडीओपी द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि त्वरित कार्रवाई की जा रही है और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

img
Author

Satendra Mishra

संवाददाता एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, प्रशासन और सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है। वे जमीनी स्तर की खबरों को निष्पक्ष और तथ्यात्मक रूप में पाठकों तक पहुँचाने पर विश्वास रखते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य विश्वसनीय जानकारी के साथ जनहित से जुड़े विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।