Follow Us:

MP Rajay Sabha: मध्यप्रदेश की खाली हो रही राज्यसभा सीटों के लिए भारतीय जनता पार्टी इस बार एक बहुत बड़ा और चौंकाने वाला दांव खेलने जा रही है

1000707021

MP Rajay Sabha: मध्यप्रदेश की खाली हो रही राज्यसभा सीटों के लिए भारतीय जनता पार्टी इस बार एक बहुत बड़ा और चौंकाने वाला दांव खेलने जा रही है। सूत्रों और राजनैतिक गलियारों से मिली जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में केंद्रीय आलाकमान की हरी झंडी के बाद अब पूर्व केंद्रीय मंत्री और कद्दावर नेता सुरेश पचौरी का नाम लगभग फाइनल हो चुका है।

मध्य प्रदेश बीजेपी संगठन स्तर पर उनके नाम को लेकर पूरी तरह सहमति बन चुकी है और उनके नाम का प्रस्ताव केंद्रीय चुनाव समिति को भेज दिया गया है। इस बड़े फैसले के बाद कौन जाएगा राज्यसभा? के सवाल को लेकर पिछले कई दिनों से भोपाल से दिल्ली तक चल रहा कयासों और लॉबिंग का दौर अब पूरी तरह समाप्त हो चुका है

राजनैतिक जानकारों का कहना है कि बीजेपी में शामिल होने का सुरेश पचौरी को यह सबसे बड़ा और शाही तोहफा मिलने जा रहा है। दशकों तक कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व और गांधी परिवार के बेहद सिपहसालार रहे सुरेश पचौरी ने पिछले लोकसभा चुनावों से ठीक पहले कांग्रेस का 56 साल पुराना साथ छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। उनके बीजेपी में आने से मध्यप्रदेश, खासकर भोपाल और मध्य भारत अंचल में कांग्रेस का पूरा सांगठनिक ढांचा ढह गया था। पार्टी आलाकमान पचौरी के इसी समर्पण और उनके राजनैतिक कद को देखते हुए उन्हें राज्यसभा के जरिए संसद भेजने की तैयारी में है।

मोदी और शाह से नजदीकी संबंध

बीजेपी के वरिष्ठ सूत्रों का कहना है कि सुरेश पचौरी के नाम पर मुहर लगने के पीछे उनकी बेदाग छवि और देश के शीर्ष राजनेताओं से उनके मधुर संबंध हैं। सुरेश पचौरी देश के उन गिने-चुने नेताओं में शामिल हैं जिन्हें संसदीय कार्यप्रणाली का सबसे लंबा और गहरा अनुभव है। वे केंद्र की मनमोहन सिंह और राजीव गांधी सरकारों में बेहद महत्वपूर्ण मंत्रालयों के केंद्रीय राज्य मंत्री रह चुके हैं। इसके अलावा वे पूर्व में भी लगातार 4 बार राज्यसभा सांसद रह चुके हैं। सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सुरेश पचौरी के बेहद करीबी संबंध हैं, जिसके चलते दिल्ली दरबार में उनके नाम को लेकर शुरुआती चर्चा में ही सहमति बन गई थी।

आज-कल में हो सकता है ऐलान!

आपको बता दें कि पिछले दिनों बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने दिल्ली में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष और नितिन नवीन को प्रदेश के संभावित दावेदारों की जो सूची सौंपी थी, उसमें पचौरी का नाम सबसे मजबूत पैनल में शामिल था। अब जब इस नाम पर अंतिम सहमति बन चुकी है, तो कयास लगाए जा रहे हैं कि भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति आज देर रात या कल सुबह तक उनके नाम की आधिकारिक घोषणा कर सकती है।

img
Author

Satendra Mishra

संवाददाता एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, प्रशासन और सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है। वे जमीनी स्तर की खबरों को निष्पक्ष और तथ्यात्मक रूप में पाठकों तक पहुँचाने पर विश्वास रखते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य विश्वसनीय जानकारी के साथ जनहित से जुड़े विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।