खराब थी दाई किडनी निकाल बाई किडनी डॉक्टर पर दो करोड़ का जुर्माना
- bySatendra Mishra
- 22 May 2026, 10:14 AM
- 4 Mins
उत्तर प्रदेश के एक डाक्टर के हाथों सर्जरी के दौरान घोर लापरवाही का मामला सामने आया है। खराब किडनी की जगह स्वस्थ किडनी निकालने के मामले में राष्ट्रीय उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग (एनसीडीआरसी) ने डाक्टर को लापरवाही के लिए जिम्मेदार ठहराया और दो करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया।
आयोग ने इस मामले को चिकित्सा जगत की सबसे घोर लापरवाहियों में से एक बताया है। यह मामला 2012 का है, जब एक महिला की खराब दाईं किडनी की जगह बाईं किडनी निकाल दी गई थी। बाद में महिला की मौत हो गई थी।
एनसीडीआरसी के अध्यक्ष एपी साही और सदस्य भारतकुमार पंड्या की पीठ ने मामले की सुनवाई की और पीडि़त परिवार को दो करोड़ रुपये का मुआवजा देने का आदेश दिया। आयोग ने उत्तर प्रदेश के सर्जन डा. राजीव लोचन को गंभीर चिकित्सा लापरवाही के लिए जिम्मेदार ठहराया।
18 मई के आदेश में एनसीडीआरसी ने कहा, “हमें इस बात में कोई संदेह नहीं है कि यह लापरवाही के सबसे गंभीर रूपों में से एक है। ऐसे बहुत ही कम मामले अदालतों और न्यायाधिकरणों के सामने आते हैं।”
अभियोजन पक्ष के अनुसार, 56 वर्षीय शांति देवी ने अप्रैल, 2012 में पेट में दर्द होने पर डाक्टर से संपर्क किया था और दाईं किडनी में गंभीर हाइड्रोनेफ्रोसिस का पता चला था। सर्जरी से पहले की मेडिकल रिपोर्ट में पता चला कि दाईं किडनी खराब है। इसके बाद छह मई, 2012 को दाईं किडनी निकालने के लिए सर्जरी की गई।
इसके बाद जून, 2012 में रेडियोलाजिकल जांच और सीटी स्कैन से पता चला कि दाईं किडनी शरीरी में मौजूद है, जबकि स्वस्थ बाईं किडनी गायब। यह उजागर होने के बाद परिवार ने डाक्टर के खिलाफ कानूनी लड़ाई शुरू की थी। मामले की सुनवाई के दौरान डाक्टर ने भी स्वीकार किया था कि दाहिनी तरफ चीरा लगाया गया था, लेकिन बाईं किडनी निकाल दी गई थी।
Satendra Mishra
संवाददाता एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, प्रशासन और सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है। वे जमीनी स्तर की खबरों को निष्पक्ष और तथ्यात्मक रूप में पाठकों तक पहुँचाने पर विश्वास रखते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य विश्वसनीय जानकारी के साथ जनहित से जुड़े विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।
Latest News
गाडरवारा महुआखेड़ा रेत खदान को लेकर उठे गंभीर सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग तेज
- 03 June, 2026
- 4 Mins
नरसिंगपुर रिश्वतखोर पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार: नामांतरण के बदले मांग रहा था घूस
- 01 June, 2026
- 5 Mins
